नोएडा, 17 मार्च (आईएएनएस)। रिधिमा दिलावरी, त्वेसा मलिक और जैस्मिन शेखर, जिन्होंने मिलकर विमेंस प्रो गोल्ड टूर (डब्ल्यूपीजीटी) 2026 के इस सीजन के अब तक खेले गए पांच में से चार टूर्नामेंट जीते हैं, छठे चरण में 53 खिलाड़ियों के बड़े फील्ड की अगुआई करेंगी। इस टूर्नामेंट की इनामी राशि 17 लाख रुपए है। इस सीजन के पहले चरण में जैस्मिन ने जीत दर्ज की थी, जबकि रिधिमा ने दूसरा और चौथा चरण अपने नाम किया। वहीं, तीसरे चरण का खिताब त्वेसा मलिक ने जीता था।
जयपी विशटाउन गोल्फ कोर्स में होने वाले इस मुकाबले में कई मजबूत दावेदार भी नजर आएंगी। इनमें पूर्व इंडियन ओपन रनर-अप अमनदीप द्राल, अन्विता नरेंद्र, सहर अटवाल, नेहा त्रिपाठी, हीना कांग, जान्हवी बख्शी, विधात्री उर्स और सान्वी सोमू शामिल हैं।
नोएडा के जयपी विशटाउन गोल्फ कोर्स में होने वाले इस इवेंट में 7 एमेच्योर खिलाड़ी भी हिस्सा लेंगी। एमेच्योर खिलाड़ियों की मौजूदगी इसलिए भी अहम हो गई है, क्योंकि पिछले कुछ वर्षों में वे लगातार मुकाबले में बनी रही हैं। पांचवां चरण एक एमेच्योर खिलाड़ी, लावण्या गुप्ता ने जीता था, जो इस हफ्ते नहीं खेल रही हैं। हालांकि, इस मुकाबले में एमेच्योर महरीन भाटिया शामिल हैं। वे मौजूदा चैंपियन हैं और उन्होंने 2025 सीजन का आखिरी चरण इसी जगह पर जीता था।
जिन अन्य एमेच्योर खिलाड़ियों पर सभी की नजरें रहेंगी, उनमें महरीन भाटिया के अलावा सीरत कांग, शांभवी चतुर्वेदी, अनुराधा चौधरी, आराधना मणिकंदन, अलीशा दत्त और प्रतिभाशाली गुंतास कौर संधू शामिल हैं।
‘ऑर्डर ऑफ मेरिट’ (रैंकिंग) में इस समय रिधिमा दिलावरी सबसे आगे हैं, और उनके ठीक पीछे जैस्मिन शेखर और स्नेहा सिंह हैं। स्नेहा इस हफ्ते नहीं खेल रही हैं।
इससे पहले, त्वेसा मलिक ने दो साल से भी ज्यादा समय से चले आ रहे जीत के सूखे को खत्म करते हुए, ऑक्सफोर्ड गोल्फ रिसॉर्ट में हुए विमेंस प्रो गोल्फ टूर के तीसरे चरण में अन्विता नरेंद्र के खिलाफ हुए प्ले-ऑफ मुकाबले में जीत हासिल की थी। उनकी आखिरी जीत सितंबर 2023 में डीएलएफ गुरुग्राम में हुई थी।
त्वेसा ने फाइनल दिन की शुरुआत अन्विता से एक शॉट पीछे करते हुए की, लेकिन चौथे होल पर बराबरी कर ली, जहां उन्होंने बोगी की, जबकि अन्विता ने डबल बोगी कर दी। इसके बाद अन्विता ने छठे और आठवें होल पर और शॉट गंवाए, हालांकि नौवें होल पर एक बर्डी के साथ वापसी की।
वहीं, सान्वी सोमू ने 2026 कैलेंडर वर्ष में नए पेशेवर खिलाड़ियों की मजबूत सूची का नेतृत्व किया। इस साल शामिल हुए 10 नए प्रो खिलाड़ियों ने जयपी विशटाउन में आयोजित क्वालीफायर के जरिए जगह बनाई, जबकि चार खिलाड़ी आईजीयू लेडीज ओओएम और डब्ल्यूएजीआर से आईं। विमेंस गोल्ड एसोसिएशन ऑफ इडिया (डब्ल्यूजीएआई) के पास अब रिकॉर्ड 62 पंजीकृत प्रो खिलाड़ी हैं, जिनमें इस साल शामिल हुए 14 नए प्रोफेशनल भी शामिल हैं।

