मुंबई : लकड़ी गोदाम में लगी आग, दमकल की छह गाड़ियां मौके पर मौजूद

0
5

मुंबई, 14 मार्च (आईएएनएस)। मुंबई के गोवंडी इलाके में शनिवार को एक लकड़ी के गोदाम में आग लग गई। यह घटना पीएल लोखंडे मार्ग पर केंबूर जनता मार्केट के पास स्थित एक गोदाम में हुई। आग लगने की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीमें तुरंत मौके पर पहुंच गईं और राहत व बचाव कार्य शुरू कर दिया गया।

मुंबई अग्निशमन विभाग के अधिकारियों के अनुसार, आग को लेवल-I श्रेणी का घोषित किया गया है। आग की गंभीरता को देखते हुए दमकल विभाग ने तुरंत छह गाड़ियों को मौके पर रवाना किया था। दमकलकर्मी आग पर काबू पाने के लिए लगातार प्रयास कर रहे हैं ताकि आग आसपास के अन्य गोदामों या दुकानों तक न फैल सके।

बताया जा रहा है कि जिस गोदाम में आग लगी है, वहां बड़ी मात्रा में लकड़ी और अन्य ज्वलनशील सामग्री रखी हुई थी। इसी वजह से आग तेजी से फैलने की आशंका को देखते हुए दमकल विभाग ने एहतियाती कदम उठाए और अतिरिक्त संसाधनों को मौके पर तैनात किया। आसपास के क्षेत्र को भी एहतियातन खाली कराया गया ताकि किसी प्रकार की जनहानि न हो।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी। पुलिसकर्मी भीड़ को नियंत्रित करने और राहत कार्य में दमकल विभाग की मदद कर रहे हैं। इसके अलावा, एम्बुलेंस और नगर निगम के कर्मचारी भी मौके पर तैनात किए गए हैं ताकि किसी आपात स्थिति में तुरंत सहायता उपलब्ध कराई जा सके।

नगर निगम (बीएमसी) की ओर से जारी प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, अभी तक इस घटना में किसी के घायल होने की खबर नहीं है। हालांकि, सुरक्षा के लिहाज से पूरे इलाके में सतर्कता बरती जा रही है और दमकल विभाग की टीम आग को पूरी तरह बुझाने के लिए लगातार काम कर रही है।

फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। अधिकारियों का कहना है कि आग पर पूरी तरह काबू पाने के बाद ही इसके कारणों की जांच की जाएगी। स्थानीय प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है और लोगों से घटनास्थल के आसपास भीड़ न लगाने की अपील की गई है ताकि जिससे किसी को कोई नुकसान न हो।