रायपुर : पक्की सड़क से समृद्धि का बना रास्ता, केंद्र सरकार की योजना ने बदली सूरत

0
6

मोहला, 24 मार्च (आईएएनएस)। छत्तीसगढ़ के जिला मोहला-मानपुर में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना से बनाई गई सड़कों से ग्रामीणों के जीवन में बदलाव देखने को मिल रहा है। अच्छी सड़कों ने शहरों की दूरी को कम कर दिया है।

नक्सलियों के दशकों तक भय और डर के साए में रहे जिला मोहला, मानपुर के वनांचल क्षेत्रों में अब केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी योजना, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना, से सुदूर वनांचल क्षेत्र में सड़कों का जाल देखने को मिल रहा है। कभी ग्रामीण पगडंडी के सहारे जिला मुख्यालय तक पहुंचते थे, अब पक्की सड़कों के माध्यम से आसानी से गांव और शहर का रुख कर रहे हैं। इस योजना ने जिले का नक्शा ही बदल दिया है।

प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना से बनी सड़कों से ग्रामीणों के जीवन में काफी बदलाव आया है। इस योजना के कारण जिले के वनांचल क्षेत्र के गांवों में कनेक्टिविटी बेहतर हुई है, जहां ग्रामीण केंद्र की मोदी सरकार को धन्यवाद देते नहीं थक रहे हैं।

आईएएनएस से बातचीत में ग्रामीण शिव कुमार ने प्रधानमंत्री मोदी का धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि पहले हमारे गांव में सड़क नहीं थी, जिसके कारण ग्रामीणों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता था। सड़कें नहीं होने की वजह से ग्रामीणों को अस्पताल पहुंचने में काफी समस्या होती थी। लेकिन, पीएम मोदी की लाभकारी योजना से गांव में सड़क बनी है। अब किसी भी ग्रामीण की तबीयत खराब होने पर आसानी से अस्पताल पहुंच जाते हैं। अब कोई दिक्कतें नहीं आ रही हैं। हमारे गांव जंगलों से लगे होने के कारण नक्सली का डर बना रहता था। अब सड़क बनने के कारण किसी भी तरह की कोई दिक्कत नहीं है।

एक अन्य ग्रामीण ने कहा कि हमारे गांव में प्रधानमंत्री ग्राम योजना के तहत रोड बना है। पहले रोड नहीं होने के कारण पगडंडी के सहारे जिला मुख्यालय जाते थे। वहीं, बीच रास्ते में गाड़ी भी खराब हो जाती थी। काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता था। अब सड़क बनने से हमें आने-जाने में काफी सुविधा हो रही है।

ग्रामीण चेतन ने बताया पहले और अब में काफी बदलाव आया है, पहले काफी समस्या होती थी। लेकिन, पक्की सड़क बनने से अब समस्या नहीं होती है। यह सब केंद्र सरकार की लाभकारी योजना से संभव हो पाया है।

जिला कलेक्टर तूलिका प्रजापति ने बताया कि प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत जिले में सड़क एवं पुल-पुलिया का निर्माण तेजी से किया जा रहा है। जिससे ग्रामीण क्षेत्रों के विकास को तेज गति मिलेगी। जिले में 2025-26 में लगभग 50 किलोमीटर सड़क के नवीनीकरण के लिए लाखों रुपए स्वीकृत हुए हैं, जिसका कार्य चल रहा है। योजना के तहत जिले में पुल-पुलिया और सड़कों का काम तेजी से किया जा रहा है।