हाजीपुर : शिव बारात में गाड़ीवान बने नित्यानंद राय, 30 सालों से निभा रहे परंपरा

0
9

हाजीपुर, 14 फरवरी (आईएएनएस)। बिहार के वैशाली जिला मुख्यालय हाजीपुर में रविवार को केंद्रीय मंत्री और भाजपा नेता नित्यानंद राय ने बैलगाड़ी चलाई। इस दौरान नित्यानंद राय धोती, कुर्ता और गमछा पहनकर मंत्री भगवान भोलेनाथ की भक्ति में डूब गए। हाजीपुर में महाशिवरात्रि पर्व के मौके पर शिव बारात निकालने की परंपरा है। यहां महाशिवरात्रि पर्व धूमधाम से मनाया जा रहा है।

हाजीपुर के प्राचीन मंदिर पतालेश्वर नाथ मंदिर में केंद्रीय मंत्री नित्यानंद राय सुबह पहुंचे और पूजा-अर्चना की। इसके बाद वे शिव बारात में शामिल हुए और बैलगाड़ी चलाई। केंद्रीय मंत्री इस परंपरा का करीब 30 वर्षों से अधिक समय से निर्वहन कर रहे हैं।

इस दौरान बड़ी संख्या में लोग इस शिव बारात में शामिल हुए। श्रद्धालु इस दौरान ‘हर हर महादेव’ का जयघोष करते रहे और अबीर तथा गुलाल उड़ाते नजर आए।

इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री अन्य लोगों से भी मिले और उन्हें महाशिवरात्रि पर्व की बधाई दी। उन्होंने कहा कि वैशाली जिले के विभिन्न हिस्सों के लोग यहां महाशिवरात्रि पर्व में पूजा-अर्चना करने पहुंचते हैं। यह परंपरा काफी पुरानी है। वे पिछले कई वर्षों से बाबा के गाड़ीवाहक बने हैं। वे अन्य समय कहीं रहे लेकिन महाशिवरात्रि के मौके पर वे यहां पहुंच जाते हैं।

उन्होंने कहा कि यह उनके लिए आस्था और सौभाग्य का विषय है। वे अपने जीवन भर इस परंपरा को निभाएंगे। इस बारात की झांकी में शामिल घोड़े, हाथी, बैड बाजा, ढोल-मंजीरे और भूत-पिशाच बने लोगों ने पूरे माहौल को उत्सवपूर्ण और आध्यात्मिक बना दिया। शोभायात्रा नगर भ्रमण के बाद अक्षय वट राय स्टेडियम पहुंचेगी। वहां बेहतरीन झांकी और बैंड वालों को सम्मानित किया जाएगा।

केंद्रीय मंत्री राय ने बाबा से सबको सुखी बनाए रखने और शांति देने की प्रार्थना की। इस अवसर पर भाजपा के कई नेता और बड़ी संख्या में शिवभक्त उपस्थित रहे और ‘हर हर महादेव’ से शहर गूंजता रहा।