‘हमारी प्राथमिकता फैंस की सुरक्षा है,’ आरसीबी ने जताया अधिकारियों का आभार

0
14

बेंगलुरु, 29 मार्च (आईएएनएस)। मौजूदा चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) ने शनिवार को अपने घरेलू मैदान पर सनराइजर्स हैदराबाद (एसआरएच) के खिलाफ 6 विकेट से जीत दर्ज की। एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेले गए इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 के पहले मैच के सुचारू रूप से आयोजन के बाद आरसीबी ने अधिकारियों और राज्य सरकार के प्रति आभार व्यक्त किया है।

उल्लेखनीय है कि 4 जून 2025 को आरसीबी के पहला आईपीएल खिताब जीतने का जश्न मनाने के लिए हजारों फैंस स्टेडियम के बाहर जमा हुए थे। इस बीच भगदड़ मच गई, जिसमें 11 लोगों की मौत हो गई। इस घटना के बाद एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में पहली बार कोई बड़ा मैच खेला गया।

आरसीबी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा, “आरसीबी कर्नाटक राज्य सरकार, बेंगलुरु शहर पुलिस, ग्रेटर बेंगलुरु अथॉरिटी, लोक निर्माण विभाग, अग्निशमन विभाग और नम्मा मेट्रो का कल (शनिवार) रात बेंगलुरु में हमारे घरेलू मैच के सुचारू आयोजन को संभव बनाने के लिए पूरी ईमानदारी और तहे दिल से धन्यवाद करती है।”

टीम ने फैंस की सुरक्षा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हुए लिखा, “इस पूरे सीजन में हमारा प्रयास और प्राथमिकताएं एक जैसी ही रहेंगी, हमारे प्यारे फैंस की सुरक्षा और भलाई।”

मुकाबले से पहले, खिलाड़ियों, अधिकारियों और फैंस ने पिछले साल आरसीबी के खिताब जीतने के जश्न के दौरान भगदड़ में मारे गए 11 फैंस की याद में एक मिनट का मौन रखा। दोनों टीमें सम्मान में काली पट्टी बांधकर मैदान पर उतरीं। वार्म-अप के दौरान आरसीबी ने 11 नंबर की जर्सी पहनी। स्टेडियम में 11 सीटें उन लोगों के सम्मान में स्थायी रूप से आरक्षित कर दी गई हैं, जिन्होंने अपनी जान गंवाई थी। कर्नाटक राज्य क्रिकेट संघ (केएससीए) ने भी उन 11 फैंस की याद में एक स्मारक पट्टिका का अनावरण किया, जिसे आयोजन स्थल के प्रवेश द्वार पर लगाया गया है।

रविवार को बेंगलुरु में खेले गए इस मैच में एसआरएच ने 9 विकेट खोकर 201 रन बनाए। इसके जवाब में आरसीबी ने 15.4 ओवरों में 6 विकेट शेष रहते जीत दर्ज कर ली।