हमारी सरकार ने नौ साल में नौ लाख युवाओं को सरकारी नौकरियां दी : सीएम योगी

0
15

लखनऊ, 29 मार्च (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को डॉ. राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान में सेवा को समर्पित 665 नर्सिंग अधिकारियों को नियुक्ति पत्र वितरित किया। इस दौरान स्वास्थ्य मंत्री ब्रजेश पाठक भी मौजूद थे।

सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि सभी नवनियुक्त नर्सिंग ऑफिसर्स, जिन्होंने आज अपने माता-पिता, अभिभावकों के सपनों को साकार करते हुए नियुक्ति पत्र प्राप्त किया है, उन्हें और उनके परिवार के सदस्यों को हृदय से बधाई एवं उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं। नियुक्ति की प्रक्रिया जब पारदर्शी होती है, तो उसके परिणाम भी हम सभी को प्राप्त होते हैं। पिछले 9 वर्षों में हम लोगों ने 9 लाख युवाओं को सरकारी नौकरियां दी है। एक भी नौकरी की पारदर्शिता पर, उसकी प्रक्रिया की शुचिता पर, चयन की प्रक्रिया पर विरोधी भी प्रश्न नहीं उठा सकते हैं।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए यूपी सीएम ने कहा कि प्रतिभा जब भी सम्मानित होगी, उसको प्लेटफॉर्म प्राप्त होगा, उसका लाभ राज्य को भी मिलेगा, देश को भी मिलेगा। विगत 9 वर्षों में प्रधानमंत्री की प्रेरणा से, उनके मार्गदर्शन में डबल इंजन सरकार ने उसी भाव के साथ काम किया है। ‘जीरो टॉलरेंस’ अपराध और अपराधियों के प्रति ही नहीं है, भ्रष्टाचार के लिए भी है। ‘जीरो करप्शन’ के लक्ष्य को लेकर सरकार पहले दिन से चली है। शासन के संज्ञान में सारी बातें आती हैं कि नियुक्ति प्रक्रिया किस-किस स्टेजेस में हुई है, कहां-कहां पर हुई है। ऐसा नहीं कि हमारा कोई भर्ती आयोग, बोर्ड या कोई संस्थान किसी नियुक्ति की प्रक्रिया को संपन्न कर रहा है और शासन की निगाह उस प्रक्रिया के एक-एक स्टेज पर न हो। हमारी तीसरी आंख उन सबको वॉच करती है।

सरकार की सफलता का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि जिस राज्य में वेतन देने के लिए पैसे नहीं थे, आज वह रेवेन्यू सरप्लस हो गया है। जिस राज्य को प्रति व्यक्ति आय में सबसे निचले पायदान पर गिना जाता था, बॉटम फाइव, बॉटम सिक्स में गिना जाता था, आज वह राज्य देश के अंदर टॉप थ्री अर्थव्यवस्थाओं में एक है। वर्ष 2016 की तुलना में आज हमने प्रति व्यक्ति आय को तीन गुना करने और अर्थव्यवस्था को भी तीन गुना करने में सफलता प्राप्त की है।

सीएम योगी ने कहा कि अमेरिका, जिसकी खाड़ी देशों पर निर्भरता कम है, वहां पेट्रोलियम उत्पादों के दाम आसमान छू रहे हैं। भारत के अगल-बगल के देश पाकिस्तान, अफगानिस्तान, बांग्लादेश, म्यांमार, श्रीलंका, थाईलैंड, इंडोनेशिया सबकी हालत खराब है। अघोषित इमरजेंसी जैसी स्थितियां चल रही हैं, लेकिन इन सब में बिना रुके, बिना डिगे, बिना थके भारत दुनिया के अंदर एकमात्र देश है, जो लगातार अपनी विकास यात्रा को मजबूती के साथ आगे बढ़ा रहा है, क्योंकि भारत के पास प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जैसी विजनरी लीडरशिप है।