हनुमान बेनीवाल का भाजपा-कांग्रेस पर हमला, कहा-चोर-चोर मोसेरे भाई

0
4

भरतपुर, 8 अप्रैल (आईएएनएस)। राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (आरएलपी) के संस्थापक हनुमान बेनीवाल ने भाजपा और कांग्रेस दोनों पर निशाना साधते हुए कहा कि चोर-चोर मौसेरे भाई वाली स्थिति यहां देखने को मिल रही है। उनका कहना है कि राजस्थान में जब कांग्रेस की सत्ता थी तो भाजपा बढ़चढ़ कर हर मुद्दे को उठा रही थी, लेकिन अब जब ढ़ाई साल से भाजपा सत्ता में है तो इसके मुख्यमंत्री मौन साधे हुए हैं।

हनुमान बेनीवाल ने कहा कि आज राजस्थान जिस दौर से गुजर रहा है, वह चिंता का विषय है। भरतपुर और अलवर जैसे जिले अपराध की दृष्टि से नंबर एक पर हैं। यहां गुंडागर्दी और खुलेआम गैंगवार जैसी घटनाएं हो रही हैं। साथ ही अवैध खनन भी जोर पकड़ चुका है। उन्होंने कहा, “लगता है कि राज्य में सत्ता में बैठे लोग या तो इसे रोकने में असमर्थ हैं या जानबूझकर चुप हैं।”

उन्होंने कहा कि अवैध खनन सबसे ज्यादा भरतपुर और अलवर में हो रहा है। अरावली की पर्वतमालाओं को खोदा जा रहा है और कई भाजपा पदाधिकारियों का इसमें सीधे तौर पर हाथ है। स्थिति यह है कि अपराध और अवैध गतिविधियों पर रोक लगाने में सरकार पूरी तरह फेल नजर आती है।

हनुमान बेनीवाल ने उदाहरण देते हुए कहा कि पिछली सरकार में पेपर लीक जैसी घटनाएं हुई थीं और आरपीएससी पुनर्गठन के मुद्दे भी लंबित थे। कांग्रेस सरकार में घोटाले हुए लेकिन भाजपा सत्ता में आने के बाद भी ढाई साल में किसी बड़े मामले में कार्रवाई नहीं हुई। बेनीवाल ने कहा, “चोर-चोर मोसेरे भाई…यही हाल है।”

उन्होंने कहा कि आरएलपी लगातार सड़क से लेकर संसद तक आंदोलन कर रही है। चाहे किसान कर्ज माफी, टोल मुक्त राजस्थान, फ्री बिजली, रोजगार, बढ़ते अपराध या गैंग वार जैसी घटनाएं हों, पार्टी हर मोर्चे पर लड़ रही है। बेनीवाल ने स्पष्ट किया कि वे राजस्थान के लोगों के हक के लिए दिल्ली में भी लगातार मुद्दों को उठाते रहेंगे।

भरतपुर और धौलपुर के जाटों के लिए आरक्षण की मांग लगातार उठाई जा रही है। बेनीवाल ने कहा कि केवल जाट नहीं बल्कि आर्थिक आधार पर ब्राह्मण, राजपूत और अन्य जातियों के लिए भी आरक्षण की वकालत की जाएगी। एससी, एसटी, ओबीसी के बैकलॉग और रुकी हुई छात्रवृत्तियों को लेकर भी आरएलपी सक्रिय है।

बेनीवाल ने मुख्यमंत्री और राज्य सरकार की नीतियों की आलोचना करते हुए कहा कि वर्तमान सरकार में लगातार बयान बदलने और कमजोर फैसले लेने की प्रवृत्ति देखने को मिल रही है। उन्होंने कहा कि राजस्थान में एसआई भर्ती जैसी मामलों में भी सरकार समय पर कार्रवाई नहीं करती। उन्होंने कहा कि आरएलपी ने इस भर्ती के मुद्दे पर लंबे समय तक आंदोलन किया और हाईकोर्ट ने भर्तियों को रद्द किया लेकिन भाजपा नेताओं ने खुद इसका क्रेडिट लेने की कोशिश की।

उन्होंने कहा कि राजस्थान में अपराध और अवैध खनन जैसी घटनाओं को लेकर पार्टी बड़े आंदोलन करने वाली है। आने वाले दिनों में दिल्ली में बड़ी रैली भी आयोजित की जाएगी। उन्होंने जोर देकर कहा कि उनका उद्देश्य किसी जाति के खिलाफ नहीं है। उनका लक्ष्य है कि राजस्थान के लोगों का हक सुरक्षित हो और राज्य में समानता, सुरक्षा और विकास सुनिश्चित हो। अग्निवीर और अन्य महत्वपूर्ण मुद्दों को लेकर भी पार्टी सक्रिय है।