पानीपत में अखिल भारतीय प्रतिनिधि सभा का संघ प्रमुख ने किया औपचारिक उद्घाटन

0
5

समालखा, 13 मार्च (आईएएनएस)। आरएसएस के सह सरकार्यवाह सीआर मुकुंदा ने कहा कि आरएसएस सरसंघचालक मोहन भगवत और सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबले ने शुक्रवार को औपचारिक दीप प्रज्वलित करके अखिल भारतीय प्रतिनिधि सभा का औपचारिक उद्घाटन किया। संगठन की शताब्दी वर्षगांठ होने के कारण इस आयोजन का विशेष महत्व है। इस शताब्दी वर्ष में आरएसएस के स्वयंसेवक देशभर में संगठनात्मक विस्तार और सामाजिक गतिविधियों को मजबूत करने में लगे हुए हैं। सभी प्रतिनिधि बहुत उत्साह से यहां आए हुए हैं।

सीआर मुकुंदा ने कहा कि महाराष्ट्र के पूर्व उपमुख्यमंत्री अजीत पवार को भी संगठन द्वारा याद किया गया और उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई। साथ ही, प्रसिद्ध अभिनेता धर्मेंद्र, तमिल सिनेमा के प्रमुख व्यक्तित्व एम. सरवनन और मुरुगप्पा समूह के पूर्व नेता एम. वेलायन सहित उद्योग और सिनेमा जगत की कई प्रतिष्ठित हस्तियों को याद किया गया। उन्होंने कहा कि संघ का शताब्दी वर्ष है और बीते दो-तीन साल से हमारे सभी कार्यकर्ता अपने शाखा, कारिका विस्तार में लगे हुए हैं। सभी की मेहनत से शाखा की उपस्थिति में बढ़ोत्तरी हुई है।

बता दें कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) की अखिल भारतीय प्रतिनिधि सभा इस वर्ष समालखा (पानीपत) में 13, 14 व 15 मार्च को आयोजित की जा रही है। आरएसएस के अखिल भारतीय प्रचार प्रमुख सुनील आंबेकर ने इसकी जानकारी दी।

सुनील आंबेकर की ओर से जारी बयान में बताया गया कि संघ की दृष्टि से यह सर्वोच्च निर्णायक इकाई की बैठक होती है। प्रतिवर्ष होने वाली बैठक का आयोजन इस वर्ष ग्राम विकास एवं सेवा साधना केन्द्र, पट्टीकल्याणा, समालखा में हो रहा है। यह वर्ष संघ का शताब्दी वर्ष होने के चलते आयोजित विजयादशमी उत्सव, गृहसंपर्क, हिन्दू सम्मेलन, युवा सम्मेलन, प्रमुख नागरिक गोष्ठी, सामाजिक सद्भाव बैठकें आदि कार्यक्रमों और अभियानों के वृत्तांत के साथ-साथ अनुभवों पर बैठक में विशेष चर्चा रहेगी। प्रतिनिधि सभा में गत वर्ष 2025-26 के संघ कार्य की समीक्षा और प्रांतों में हुए विशेष कार्यों का भी उल्लेख होगा।