केरल चुनाव : केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का भव्य रोड शो, लोगों की उमड़ी भारी भीड़

0
3

कोझिकोड, 5 अप्रैल (आईएएनएस)। केरल विधानसभा चुनाव के मद्देनजर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने रविवार को बेपोर विधानसभा क्षेत्र में एक जबरदस्त रोडशो किया। अमित शाह का यह रोडशो इस बात का संकेत है कि भाजपा नेतृत्व वाला एनडीए राज्य में अपनी मजबूत पकड़ सुनिश्चित करने के लिए पूरी आक्रामकता के साथ आखिरी जोर लगा रहा है।

केंद्रीय गृह मंत्री शाह ने माथोट्टम बिजिथ जंक्शन से नाडुवट्टम तक के एक अहम रास्ते पर रोड शो निकाला, जिससे यह तटीय निर्वाचन क्षेत्र एक जीवंत राजनीतिक अखाड़े में तब्दील हो गया। इस रोडशो में बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और समर्थक शामिल हुए।

रविवार सुबह से ही, सड़कों के किनारे भीड़ जमा होना शुरू हो गई थी। रोडशो देखने के लिए कई लोग घंटों से इंतजार कर रहे थे। जैसे ही केंद्रीय मंत्री अमित शाह कार्यक्रम स्थल पर पहुंचकर जुलूस में शामिल हुए, समर्थकों ने पार्टी के झंडे लहराए और नारे लगाए।

सुबह लगभग 11:20 बजे, केंद्रीय मंत्री शाह फूलों से सजी एक खुली गाड़ी में सवार हुए और भीड़ का अभिवादन करना शुरू कर दिया।

रोडशो ढोल की थाप और जोरदार नारों के बीच आगे बढ़ा। इस दौरान केंद्रीय गृह मंत्री ने समर्थकों की ओर हाथ हिलाकर उनका अभिवादन किया और लोगों का आभार जताया, जबकि पार्टी कार्यकर्ता खचाखच भरी सड़कों से गुजरते हुए उनके काफिले के साथ-साथ चले।

इस दौरान अमित साह के साथ बेपोर से एनडीए उम्मीदवार अधिवक्ता केपी प्रकाश बाबू भी मौजूद रहे।

बेपोर विधानसभा क्षेत्र में त्रिकोणीय मुकाबला देखने को मिल रहा है, जिसमें एनडीए उम्मीदवार का सामना एलडीएफ के पीए मोहम्मद रियास और यूडीएफ के समर्थन से निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर चुनाव लड़ रहे पीवी अनवर से हो रहा है।

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर इस कार्यक्रम के बारे में पोस्ट करते हुए केंद्रीय मंत्री अमित शाह ने केरल में एनडीए की चुनावी संभावनाओं पर विश्वास व्यक्त किया और कहा कि लोग पारदर्शी शासन और विकास के लिए एनडीए गठबंधन की ओर देख रहे हैं।

चुनावी कार्यक्रम में सोमवार को अमित शाह अलाप्पुझा जिले के हरिपाद में एक रोड शो के साथ अपना चुनावी अभियान जारी रखेंगे और उसके बाद नई दिल्ली के लिए रवाना होंगे।