इंदौर में कार चालक ने नाबालिग बच्ची को कुचला, गंभीर रूप से घायल

0
2

इंदौर, 2 अप्रैल (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश के इंदौर में बॉम्बे हॉस्पिटल के पीछे स्थित एक पॉश रिहायशी कॉलोनी शांति निकेतन में एक कार की चपेट में आने से करीब तीन से पांच साल की एक बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई।

पुलिस के अनुसार, यह घटना मंगलवार को हुई, जब एक लड़की एक अन्य बच्चे के साथ इंदौर जोन-2 के लसूड़िया थाना क्षेत्र में आने वाली शांति निकेतन कॉलोनी में अपने घर के बाहर खेल रही थी।

यह मामला तब सामने आया जब सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ, जिसमें एक कार को एक बच्चे के ऊपर से गुजरते हुए देखा गया। घटना को उसी कॉलोनी में स्थित एक घर में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड किया गया।

वीडियो में दो बच्चे सड़क पर खेलते हुए दिखाई दे रहे हैं, तभी पीछे से एक कार आती है और उनमें से एक बच्चे को टक्कर मार देती है। कार का अगला पहिया बच्चे के पैरों के ऊपर से गुजर गया, जबकि पिछला पहिया उसके शरीर के ऊपर से गुजरा। बच्ची के उपर से कार के गुजरने के बाद, वीडियो में बच्ची को खुद से उठने की कोशिश करते हुए देखा जा सकता है।

इंदौर के अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त (एडीसीपी) जोन-2 अमरेंद्र सिंह ने वायरल वीडियो की पुष्टि करते हुए गुरुवार को बताया कि यह कार शांति निकेतन कॉलोनी के निवासी संजय अग्रवाल की है।

एडीसीपी ने कहा कि सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो के संबंध में एक एफआईआर दर्ज की गई है। इसमें शामिल गाड़ी को जब्त कर लिया गया है और कानूनी कार्रवाई चल रही है। यह कार संजय अग्रवाल की है, जो उसी कॉलोनी में रहते हैं। घटना के समय, गाड़ी उनका ड्राइवर चला रहा था। बच्ची के पैर में चोट लगी है और उसका इलाज चल रहा है।

यह घटना 26 मार्च को शिव वाटिका टाउनशिप नाम की एक पॉश रिहायशी कॉलोनी में हुई उस घटना के एक हफ्ते बाद सामने आई, जिसमें एक महिला सॉफ्टवेयर इंजीनियर, शम्पा पांडे को एक कहा-सुनी के दौरान एक कार से कुचल दिया गया था।

ये दोनों ही घटना लसूड़िया पुलिस थाने के अधिकार क्षेत्र में, एक हफ्ते के भीतर ही हुईं। आरोपी, कुलदीप चौधरी और उसका 18 वर्षीय बेटा मोनिश, को 26 मार्च की घटना के तुरंत बाद ही गिरफ़्तार कर लिया गया था और आगे की जांच अभी भी जारी थी।