ब्रासिलिया, 28 फरवरी (आईएएनएस)। ब्राजील के दक्षिण पूर्वी प्रांत मिनस गेरेस में भारी बारिश से मरने वालों की संख्या 68 तक पहुंच गई है। इनमें से जुइज डे फोरा शहर में अब तक 62 की मौत हो चुकी है जबकि उबा में भी छह की जान जा चुकी है।
स्थानीय प्रशासन के मुताबिक मरने वालों की संख्या बढ़ने का मुख्य कारण मलबों से शव मिलने और इलाज के दौरान घायलों की मौत है। जुइज डे फोरा शहर में अब भी तीन और उबा में दो लोगों के लापता होने की पुष्टि हुई है। राहत एवं बचाव दल ने गिरे हुए घरों में तलाशी अभियान जारी रखा है।
प्रशासन की ओर से भारी मशीनरी, खोजी कुत्तों और बचाव दल के सदस्यों की मदद से मलबे के नीचे दबे लोगों की तलाश करने का काम जारी है।
इलाके में सोमवार दोपहर को भारी बारिश के चलते नदियों में उफान आने से कई पुल और अंडरपास तबाह हो गए थे, जबकि कई पेड़ गिरने से सड़कें बाधित हो गईं।
ब्राजील के राष्ट्रपति लुइज इनासियो लूला दा सिल्वा ने पीड़ित लोगों के परिजनों और बचाव में जुटे कर्मियों के लिए संवेदना जताई है।
वहीं, मिनस गेरेस के गवर्नर रोमियो जेमा ने प्रांत में तीन दिन के शोक की घोषणा की है। उधर, रक्षा मंत्रालय ने इमरजेंसी के तहत प्रभावित इलाकों में टुकड़ियों की मदद से मलबों को हटाने, खाद्य सामग्री पहुंचाने, अस्थायी शिविर बनाने और मानवीय मदद पहुंचाने की पहल की है।

