भोपाल, 13 मार्च (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश के बुरहानपुर जिले में एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमावायरस) टीकाकरण अभियान ने गति पकड़ ली है। बड़ी संख्या में परिवार अपनी बेटियों को टीका लगवाने के लिए स्वास्थ्य केंद्रों पर पहुंच रहे हैं।
इस अभियान के तहत किशोरियों को सर्वाइकल कैंसर से बचाने के लिए स्वास्थ्य केंद्रों पर ह्यूमन पैपिलोमावायरस (एचपीए) का टीका लगाया जा रहा है। साथ ही स्वास्थ्य विभाग टीके को लेकर फैली भ्रांतियों को दूर करने के लिए विशेष जागरूकता कार्यक्रम भी चला रहा है।
जिला टीकाकरण अधिकारी वाई.बी. शास्त्री ने आईएएनएस को बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 28 फरवरी 2026 को अजमेर से एचपीवी टीकाकरण अभियान की शुरुआत की थी, जिसके बाद अब इसे पूरे देश में लागू किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि एचपीवी वैक्सीन को लेकर लोगों में हिचकिचाहट और कई तरह की गलतफहमियां एक बड़ी चुनौती हैं। इन चुनौतियों को दूर करने के लिए मीडिया कार्यशालाएं और जागरूकता अभियान आयोजित किए जा रहे हैं।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार यह टीकाकरण अभियान लगभग 14 वर्ष की किशोरियों को लक्षित करता है, ताकि उन्हें सर्वाइकल कैंसर से सुरक्षा मिल सके। जिले में यह अभियान अगले तीन महीनों तक चलेगा और अधिक से अधिक किशोरियों को टीका लगाने का लक्ष्य रखा गया है।
शास्त्री ने बताया, “यह एचपीवी टीकाकरण अभियान है, जिसकी शुरुआत प्रधानमंत्री मोदी ने की है। यह अभियान तीन महीने तक चलेगा और हमारा लक्ष्य 14 वर्ष की आयु पूरी कर चुकी 9,084 किशोरियों का टीकाकरण करना है।”
उन्होंने शहरवासियों से अपील की कि वे टीकाकरण को लेकर किसी भी तरह की भ्रांतियों पर ध्यान न दें। हर टीकाकरण का उद्देश्य शरीर की रोगों से लड़ने की क्षमता बढ़ाना होता है।
स्वास्थ्य विशेषज्ञों के अनुसार यह टीका शरीर की प्रतिरोधक क्षमता को लगभग 99.7 प्रतिशत तक बढ़ाने में मदद करता है और सर्वाइकल कैंसर से बचाव में प्रभावी माना जाता है। इसके दुष्प्रभाव भी बहुत कम होते हैं।
उन्होंने बताया कि एचपीवी वायरस ही सर्वाइकल कैंसर का मुख्य कारण है। देश में यह कैंसर महिलाओं में होने वाला दूसरा सबसे घातक कैंसर माना जाता है। यह टीका लगने के बाद करीब 10 वर्षों तक सुरक्षा प्रदान करता है।

