न्यूयॉर्क, 23 मार्च (आईएएनएस)। न्यूयॉर्क के लागार्डिया एयरपोर्ट पर एयर कनाडा एक्सप्रेस का एक विमान के एक ग्राउंड वाहन से टकरा गया, जिसके बाद विमानों का संचालन अस्थायी रूप से बंद हो गया। सभी उड़ानों पर पूरी तरह से ग्राउंड स्टॉप लागू कर दिया गया।
शुरुआती जानकारी और फ्लाइट-ट्रैकिंग डाटा के मुताबिक, एयर कनाडा एक्सप्रेस का मॉन्ट्रियल से आने वाला एयरक्राफ्ट सीआरजे-900 एयरक्राफ्ट रनवे 4 पर लैंडिंग के दौरान एक फायर ट्रक से टकरा गया।
संघीय विमानन प्रशासन ने घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि विमान और आपातकालीन वाहन के बीच टक्कर के बाद एयरपोर्ट बंद कर दिया गया है और सभी उड़ानों पर ग्राउंड स्टॉप आदेश लागू कर दिया गया है।
घटना का ऑडियो और वीडियो वायरल हो रहा है। इसके अनुसार, एयर ट्रैफिक कंट्रोल ने टक्कर होने से कुछ देर पहले फ्लाइट क्रू और ग्राउंड गाड़ी दोनों को बार-बार रुकने का निर्देश दिया था।
न्यूयॉर्क फायर डिपार्टमेंट के हवाले से आई जानकारी के अनुसार, कम से कम पांच फायरफाइटर गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जबकि एयरक्राफ्ट में सवार 100 से ज्यादा यात्रियों के भी घायल होने की खबर है।
इमरजेंसी रिस्पॉन्स टीमें अभी साइट पर तैनात हैं, जिनमें एयरक्राफ्ट रेस्क्यू एंड फायरफाइटिंग (एआरएफएफ) यूनिट शामिल हैं। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, घायल लोगों में से कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है। हालांकि अधिकारियों ने अभी तक आखिरी आंकड़े जारी नहीं किए हैं।
संघीय विमानन प्रशासन की घोषणा से पता चला कि एयरपोर्ट इमरजेंसी की वजह से बंद हुआ है और इसके लंबे समय तक बंद रहने की काफी संभावना है। कोई खास जानकारी नहीं दी गई। इसके अलावा एफएए ने पायलटों के लिए सलाह दी है कि एयरपोर्ट स्थानीय समयानुसार छह बजे तक बंद रह सकता है।
इस घटना में कितना नुकसान हुआ है, इसे लेकर फिलहाल कोई जानकारी सामने नहीं आई है।

