चेन्नई, 16 फरवरी (आईएएनएस)। अभिनेता से नेता बने विजय को लेकर दिए गए एक बयान ने विवाद खड़ा कर दिया है। राज्य भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष नैनार नागेंद्रन ने एक रैली के बाद कहा कि विजय को राजनीति में सफल होने के लिए पहले अभिनेत्री त्रिशा से बाहर आना चाहिए और अपने परिवार पर ध्यान देना चाहिए।
इस टिप्पणी को लेकर हंगामा मचा हुआ है, और अब इस पूरे विवाद पर खुद त्रिशा ने सार्वजनिक रूप से अपनी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा है कि किसी भी तरह के अपमान को नजरअंदाज नहीं किया जाना चाहिए और उसका विरोध जरूरी है।
इस पूरे मामले में त्रिशा ने अपनी बात वकील के जरिए रखी। उन्होंने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर वकील द्वारा जारी एक आधिकारिक सूचना साझा की और कैप्शन में लिखा, ”किसी भी तरह के अपमान को नजरअंदाज नहीं किया जाना चाहिए और उसका विरोध जरूरी है।”
अभिनेत्री के वकील नित्येश नटराज ने जारी बयान में कहा, ”मेरी मुवक्किल त्रिशा को यह उम्मीद नहीं थी कि राज्य की राजनीति में एक ऊंचे पद पर बैठे व्यक्ति की ओर से इस तरह की आपत्तिजनक और असंवेदनशील टिप्पणी की जाएगी।”
वकील ने कहा, ”त्रिशा न तो किसी राजनीतिक दल से जुड़ी हैं और न ही भविष्य में राजनीति में आने का उनका कोई इरादा है। उन्होंने पहले भी कई बार यह बात कही है कि राजनीति के मामले में वह पूरी तरह न्यूट्रल रहती हैं और किसी भी पार्टी या विचारधारा का समर्थन नहीं करतीं।”
वकील ने कहा, ”त्रिशा की इच्छा है कि उन्हें सिर्फ उनके काम के जरिए पहचाना जाए, न कि किसी कथित राजनीतिक जुड़ाव के आधार पर। किसी की निजी जिंदगी को सार्वजनिक चर्चा का विषय बनाना न तो सही है और न ही सभ्य समाज में स्वीकार्य है।”
इस बयान के आखिर में त्रिशा की ओर से साफ अपील की गई कि उनका नाम उन मामलों में न घसीटा जाए, जिनसे उनका कोई सीधा संबंध नहीं है।
वकील ने कहा, ”सार्वजनिक मंचों पर बोलते समय खासकर नेताओं को समझना चाहिए कि उनके शब्दों का असर सिर्फ राजनीति तक सीमित नहीं रहता, बल्कि व्यक्तिगत जीवन पर भी पड़ता है।”

