दुबई एयरपोर्ट के पास गिरा ईरानी ड्रोन, भारतीय समेत चार लोग घायल

0
5

अबू धाबी, 11 मार्च (आईएएनएस)। ईरान ने बुधवार को एक बार फ‍िर दुबई पर ड्रोन से हमला क‍िया। दुबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के पास दो ड्रोन गिरने से घाना के दो नागरिक, एक बांग्लादेशी और एक भारतीय घायल हो गए।

दुबई मीडिया कार्यालय के आध‍िकार‍िक सोशल मीड‍िया अकाउंट ‘एक्‍स’ पर जारी पोस्‍ट के अनुसार, “प्राधिकरणों ने पुष्टि की है कि दुबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे (डीएक्‍सबी) के आसपास कुछ समय पहले दो ड्रोन हमले कि‍ए गए। इन हमलों में दो घानाई नागरिक और एक बांग्लादेशी नागरिक घायल हुए, जबकि एक भारतीय नागरिक को थोड़ी चोटें आई हैं। हवाई यातायात सामान्य रूप से संचालित हो रहा है।”

बुधवार को यूएई के रक्षा मंत्रालय ने घोषणा की थी कि उसके एयर डिफेंस सिस्टम ईरान से आने वाले मिसाइल और ड्रोन हमलों का जवाब दे रहे हैं। मंत्रालय ने लोगों से सुरक्षा और सतर्कता के निर्देशों का पालन करने का आग्रह भी किया।

यूएई के रक्षा मंत्रालय के अनुसार, “यूएई का हवाई रक्षा बल वर्तमान में ईरान से आने वाले मिसाइल और ड्रोन हमलों का जवाब दे रहा है। जो आवाजें सुनी गई हैं, वे एयर डिफेंस सिस्टम की मिसाइल और ड्रोन को रोकने की थीं। जनता से अनुरोध है कि सुरक्षा और सतर्कता के निर्देशों का पालन करें।”

यूएई में ईरान के मिसाइल हमले संयुक्त अमेरिकी-इजरायली हमलों के जवाब में किए गए हैं, जो 28 फरवरी से जारी हैं।

इससे पहले मंगलवार को यूएई रक्षा मंत्रालय ने कहा कि उसके हवाई रक्षा बलों ने नौ बैलिस्टिक मिसाइलें डिटेक्ट कीं, जिनमें से आठ को नष्ट किया गया, जबकि एक मिसाइल समुद्र में गिर गई।

इसके अलावा, यूएई के हवाई रक्षा बलों ने 35 ड्रोन पहचाने, जिनमें से 26 को रोक दिया गया, जबकि 9 देश की सीमा के भीतर गिर गए।

यूएई रक्षा मंत्रालय के अनुसार, “कुल 1,475 ईरानी यूएवी (अनमैनड एरियल व्हीकल) पहचाने गए, जिनमें से 1,385 को रोका गया और 90 देश की सीमा के भीतर गिर गए। आठ क्रूज मिसाइलें भी पहचानी गईं और नष्ट की गईं।”

बताया गया, “इन हमलों में यूएई, पाकिस्तान, नेपाल और बांग्लादेश के छह लोगों की मौत हुई, जबकि 122 लोग हल्के से मध्यम रूप से घायल हुए हैं। घायल लोगों में यूएई, मिस्र, सूडान, इथियोपिया, फिलीपींस, पाकिस्तान, ईरान, भारत, बांग्लादेश, श्रीलंका, अज़रबैजान, यमन, युगांडा, इरिट्रिया, लेबनान, अफगानिस्तान, बहरीन, कोमोरोस, तुर्की, इराक, नेपाल, नाइजीरिया, ओमान, जॉर्डन और फिलिस्तीन के नागरिक शामिल हैं।”

मंत्रालय ने कहा कि वह किसी भी खतरे से निपटने के लिए तैयार है और यूएई की सुरक्षा को नुकसान पहुंचाने वाले किसी भी प्रयास का कड़ा जवाब द‍िया जाएगा। यूएई अपनी संप्रभुता, सुरक्षा और स्थिरता की रक्षा करेगा और राष्ट्रीय हितों और क्षमताओं की सुरक्षा सुनिश्चित करेगा।