आईपीएल 2026 : बल्लेबाजी में मजबूती, पेस अटैक कमजोर, चेन्नई सुपर किंग्स में कितना दमखम?

0
7

नई दिल्ली, 15 मार्च (आईएएनएस)। पांच बार की चैंपियन चेन्नई सुपर किंग्स आईपीएल 2026 में अपने अभियान का आगाज 30 मार्च को राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ करेगी। चेन्नई ने इस बार युवा खिलाड़ियों पर दांव खेला है। प्रशांत किशोर और कार्तिक शर्मा को चेन्नई ने 14.20 करोड़ की बड़ी बोली लगाते हुए टीम से जोड़ा है। वहीं, संजू सैमसन को राजस्थान रॉयल्स से ट्रेड किया गया है।

चेन्नई सुपर किंग्स की बल्लेबाजी में इस बार मजबूती नजर आ रही है। टॉप ऑर्डर में कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ का साथ देने के लिए संजू सैमसन जैसे विस्फोटक बल्लेबाज मौजूद हैं। संजू के लिए हाल ही में खत्म हुआ टी20 वर्ल्ड कप 2026 कमाल का गुजरा। उन्होंने महज 5 मुकाबलों में 321 रन बनाए और प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट भी रहे।

वहीं, आयुष म्हात्रे ने भी पिछले सीजन अपनी बल्लेबाजी से खासा प्रभावित किया था। उर्विल पटेल, सरफराज खान और कार्तिक शर्मा के रूप में चेन्नई के पास दमदार भारतीय बल्लेबाज मौजूद हैं। उर्विल ने आईपीएल 2025 में कुछ अच्छी पारियां खेली थीं। इसके साथ ही डेवाल्ड ब्रेविस मध्यक्रम में किसी भी गेंदबाजी अटैक की धज्जियां उड़ाने का दमखम रखते हैं। यह देखना दिलचस्प होगा कि आईपीएल 2026 में एमएस धोनी किस बैटिंग पोजीशन पर बल्लेबाजी करने उतरते हैं।

प्रशांत किशोर, जेमी ओवरटन और शिवम दुबे के रूप में चेन्नई सुपर किंग्स के पास बढ़िया ऑलराउंडर भी हैं। शिवम की हालिया फॉर्म कमाल की है, जिसका फायदा चेन्नई को मिल सकता है। प्रशांत भी बल्ले और गेंद दोनों से योगदान देने के लिए जाने जाते हैं। हालांकि, चेन्नई का तेज गेंदबाजी अटैक थोड़ा कमजोर दिख रहा है। मैट हेनरी का रिकॉर्ड वनडे के मुकाबले टी20 में कुछ खास नहीं रहा है। वहीं, नाथन एलिस के पास ज्यादा अनुभव नहीं है। भारतीय तेज गेंदबाज के तौर पर पांच बार की चैंपियन चेन्नई के पास खलील अहमद, मुकेश चौधरी और गुरजपनीत सिंह मौजूद हैं। खलील ने पिछले सीजन 14 मुकाबलों में 15 विकेट निकाले थे, लेकिन उनका इकोनॉमी 9.58 का रहा था।

रवींद्र जडेजा के ना होने के बावजूद, चेन्नई का स्पिन विभाग आईपीएल 2026 में मजबूत दिखाई दे रहा है। टीम के पास नूर अहमद, श्रेयस गोपाल, अकील हुसैन और राहुल चाहर के रूप में अच्छे स्पिनर्स हैं। एमए चिदंबरम की पिच पर नूर अहमद और अकील बल्लेबाजों के लिए सिरदर्द बन सकते हैं। आईपीएल 2025 में चेन्नई सुपर किंग्स प्वाइंट्स टेबल में सबसे निचले पायदान पर रही थी। ऐसे में आगामी सीजन में चेन्नई की टीम जोरदार वापसी करना चाहेगी।