कोलकाता, 6 अप्रैल (आईएएनएस)। इंडियन प्रीमियर लीग 2026 (आईपीएल 2026) में सोमवार को कोलकाता के इडन गार्डेन्स में कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) और पंजाब किंग्स (पीबीकेएस) के बीच मुकाबला खेला जाना है। इस मैच में केकेआर को युजवेंद्र चहल से बचकर रहना होगा।
केकेआर की आईपीएल की शुरुआत अच्छी नहीं रही है। टीम सीजन के अपने दोनों शुरुआती मैच गंवाकर अंकतालिका में नौवें स्थान पर है। अपने घरेलू मैदान पर केकेआर पंजाब के खिलाफ जीत हासिल कर 2 अंक लेने के इरादे से उतरेगी। केकेआर के इस मिशन में पंजाब किंग्स के लेग स्पिनर चहल बड़ा खतरा साबित हो सकते हैं।
युजवेंद्र चहल लंबे समय से आईपीएल में खेल रहे हैं। आरसीबी और आरआर के साथ लंबी और सफल पारी खेलने के बाद, 2025 से वह पंजाब किंग्स का हिस्सा हैं। चहल, चाहे किसी भी टीम में रहे, कोलकाता के लिए सबसे बड़ा खतरा साबित होते रहे हैं। यही वजह है कि आईपीएल में चहल के नाम केकेआर के खिलाफ सबसे ज्यादा विकेट है।
2011 से आईपीएल का हिस्सा चहल ने केकेआर के खिलाफ 24 मैच खेले हैं और 23 पारियों में गेंदबाजी करते हुए कुल 33 विकेट लिए हैं। इस दौरान एक मैच में 5 विकेट लेने की उपलब्धि 1 बार और एक मैच में 4 विकेट लेने की उपलब्धि 2 बार हासिल की है। इसलिए केकेआर को चहल से सावधान रहना होगा।
आईपीएल 2026 में चहल के प्रदर्शन पर गौर करें तो दाएं हाथ का यह अनुभवी लेग स्पिनर 2 मैचों में 3 विकेट ले चुका है।
केकेआर के खिलाफ दूसरे सफल गेंदबाज आरसीबी के लिए खेल रहे तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार हैं। भुवी के नाम 30 मैचों में 32 विकेट हैं।
चहल आईपीएल इतिहास के भी सफलतम गेंदबाज हैं। कुल 176 मैचों में 224 विकेट उन्होंने लिए हैं। दूसरे स्थान पर भुवनेश्वर कुमार हैं जिनके नाम 192 मैचों में 202 विकेट हैं।


