आईपीएल 2026: क्लासेन-नितीश की फिफ्टी, खराब शुरुआत के बावजूद एसआरएच ने बनाए 156 रन

0
6

हैदराबाद, 5 अप्रैल (आईएएनएस)। सनराइजर्स हैदराबाद (एसआरएच) ने रविवार को राजीव गांधी इंटरनेशनल स्टेडियम में जारी इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 के 10वें मैच में लखनऊ सुपर जायंट्स (एलएसजी) को जीत के लिए 157 रन का टारगेट दिया है।

इस मैच में टॉस गंवाकर बल्लेबाजी के लिए उतरी सनराइजर्स हैदराबाद ने निर्धारित ओवरों में 9 विकेट खोकर 156 रन बनाए। इस पारी में लिविंगस्टोन, क्लासेन और रेड्डी के अलावा कोई अन्य बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा नहीं छू सका।

इस टीम को अभिषेक शर्मा (0) के रूप में पहला झटका लगा। पहले ओवर की अंतिम गेंद पर अभिषेक का विकेट मोहम्मद शमी ने निकाला। इसके बाद तीसरे ओवर की पहली गेंद पर शमी ने ट्रेविस हेड (7) को चलता किया। चौथे ओवर की तीसरी गेंद पर प्रिंस यादव ने कप्तान ईशान किशन (1) को बोल्ड किया। यहां से टीम को एक मजबूत साझेदारी की तलाश थी, लेकिन लियाम लिविंगस्टोन महज 14 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। आलम ये रहा कि एसआरएच ने 7.1 ओवरों में 26 के स्कोर तक अपने 4 विकेट खो दिए थे।

यहां से नितीश रेड्डी ने हेनरिक क्लासेन के साथ पांचवें विकेट के लिए 63 गेंदों में 116 रन की साझेदारी की। नितीश 33 गेंदों में 5 छक्कों और 3 चौकों के साथ 56 रन बनाकर पवेलियन लौटे। 19वें ओवर की लगातार दो गेंदों पर एसआरएच ने हेनरिक क्लासन और हर्ष दुबे (0) के विकेट खो दिए। क्लासेन ने 41 गेंदों में 2 छक्कों और 5 चौकों के साथ 62 रन बनाए।

लखनऊ सुपर जायंट्स के खेमे से मोहम्मद शमी, प्रिंस यादव और आवेश खान ने 2-2 विकेट हासिल किए। इनके अलावा, दिग्वेश राठी और मणिमारन सिद्धार्थ ने 1-1 विकेट निकाले।

आईपीएल 2026 की प्वाइंट्स टेबल में 8वें स्थान पर मौजूद एलएसजी को अपनी पहली जीत की तलाश है। दूसरी ओर, एसआरएच ने 2 में से 1 मैच अपने नाम किया है। यह टीम पांचवें पायदान पर है।

लखनऊ सुपर जायंट्स की प्लेइंग इलेवन: मिशेल मार्श, ऋषभ पंत (विकेटकीपर/कप्तान), एडेन मार्करम, निकोलस पूरन, अब्दुल समद, मुकुल चौधरी, मणिमारन सिद्धार्थ, आवेश खान, मोहम्मद शमी, दिग्वेश सिंह राठी, प्रिंस यादव।

सनराइजर्स हैदराबाद की प्लेइंग इलेवन: ट्रेविस हेड, अभिषेक शर्मा, ईशान किशन (विकेटकीपर, कप्तान), हेनरिक क्लासेन, लियाम लिविंगस्टोन, अनिकेत वर्मा, नितीश कुमार रेड्डी, हर्ष दुबे, शिवांग कुमार, हर्षल पटेल, जयदेव उनादकट।