इजरायल बोला-‘ईरान के 120 ठिकानों पर हमले किए’, तेहरान ने तस्वीरों के साथ किया दावा- मार गिराया यूएस एयरक्राफ्ट

0
6

तेहरान/ तेल अवीव, 5 अप्रैल (आईएएनएस)। इजरायल की सेना ने रविवार को दावा किया कि उसने पिछले 24 घंटों के भीतर ईरान के 120 से ज्यादा ठिकानों पर हमले किए। सेना के अनुसार, इन हमलों में बैलिस्टिक मिसाइल, ड्रोन और एयर डिफेंस सिस्टम से जुड़े ठिकानों को निशाना बनाया गया। वहीं, ईरान ने दावा किया है कि उसने भी अमेरिकी विमान सी-130 को ढेर कर दिया है।

सेना ने बताया कि पश्चिमी और मध्य ईरान में इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (आईआरजीसी) के मिसाइल ठिकानों, ड्रोन स्टोरेज और लॉन्च साइट्स को भी तबाह किया गया है।

सोशल प्लेटफॉर्म एक्स पर एक बयान में कहा गया, “एयर फोर्स ने सेंट्रल और वेस्टर्न ईरान में 120 से ज्यादा ठिकानों पर हमला किया।”

“जिन ठिकानों पर हमला किया गया उनमें – रिवोल्यूशनरी गार्ड्स में बैलिस्टिक मिसाइल ऐरे के स्थल, यूएवी के लिए स्टोरेज और लॉन्च साइट, और एयर डिफेंस साइट शामिल हैं।”

दूसरी ओर ईरान ने एक बार फिर दावा किया है कि उसने इस्फाहान में अमेरिकी हेलीकॉप्टर सी-130 को मार गिराया है। फार्स न्यूज एजेंसी के अनुसार, यह हेलीकॉप्टर लापता अमेरिकी एयरमैन की तलाश के मिशन पर था।

रिपोर्ट में दावा किया गया है कि इसको ईरान की पुलिस कमांडो यूनिट फराज रेंजर्स ने निशाना बनाकर तबाह किया। एजेंसी ने यह भी कहा कि विमान हमलावरों को ईंधन पहुंचाने के काम में लगा हुआ था। हालांकि, इस दावे की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है।

इस्लामिक रिपब्लिक ऑफ ईरान ब्रॉडकास्टिंग यानी आईआरआईबी ने भी सोशल मीडिया पर तस्वीरें जारी कर कहा है कि ये एयरमैन की तलाश में आए एयरक्राफ्ट का मलबा है।

वहीं, रविवार को ईरानी संसद के स्पीकर एमबी गालिबाफ ने भी एक्स पोस्ट में एक तस्वीर के साथ दावा किया कि ये अमेरिकी एयरक्राफ्ट का मलबा है।

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के लापता एयरमैन को बचाने की घोषणा के बाद ये तस्वीरें जारी कीं। ट्रंप ने बताया कि लापता एयरमैन को स्पेशल ऑपरेशन चलाकर सुरक्षित बचा लिया गया है।

उन्होंने कहा, “हमने उन्हें बचा लिया। पिछले कुछ घंटों में अमेरिकी सेना ने अपने इतिहास के सबसे साहसी सर्च और रेस्क्यू ऑपरेशनों में से एक को अंजाम दिया।”