आईएसएसएफ वर्ल्ड कप: गुरुवार से मोरक्को में प्रतियोगिता की शुरुआत, 271 निशानेबाज लेंगे हिस्सा

0
11

टैंजियर, 24 मार्च (आईएएनएस)। भारत के टॉप शॉटगन शूटर आईएसएसएफ वर्ल्ड कप 2026 में पोडियम पर जगह बनाने के लिए पूरी तरह तैयार हैं, जो गुरुवार से मोरक्को के टैंजियर में शुरू होगा। यह इवेंट इस साल शॉटगन स्पर्धाओं पर केंद्रित चार-भाग वाली आईएसएसएफ वर्ल्ड कप सीरीज का शुरुआती चरण है।

टैंजियर वर्ल्ड कप में 43 राष्ट्रीय ओलंपिक समितियों का प्रतिनिधित्व करने वाले 271 निशानेबाज हिस्सा लेंगे। व्यक्तिगत स्पर्धाओं के विजेताओं को आईएसएसएफ वर्ल्ड कप फाइनल के लिए क्वालिफिकेशन स्थान मिलेंगे, जिसका आयोजन दिसंबर में रोम में होगा।

20 सदस्यीय भारतीय टीम में कई जाने-माने एथलीट शामिल हैं। ओलंपियन माहेश्वरी चौहान, किनान चेनाई और पृथ्वीराज टोंडाइमन अंतरराष्ट्रीय सत्र की जोरदार शुरुआत करने का लक्ष्य लेकर चल रहे हैं।

माहेश्वरी चौहान विमेंस स्कीट इवेंट में भारतीय चुनौती की अगुवाई करेंगी। वह अनंतजीत सिंह नरुका के साथ मिक्स्ड स्कीट श्रेणी में पेरिस 2024 ओलंपिक में मेडल जीतने के बेहद करीब पहुंच गई थीं, हालांकि नरुका इस प्रतियोगिता के लिए टीम का हिस्सा नहीं होंगे।

मेंस ट्रैप इवेंट में भारत ने एक अनुभवी टीम उतारी है। इस टीम में एशियन चैंपियनशिप 2025 के सिल्वर मेडलिस्ट भवनीश मेंदीरत्ता शामिल हैं, उनके साथ अनुभवी ओलंपियन चेनाई और टोंडाइमन भी हैं।

विमेंस ट्रैप टीम में भी मजबूत दावेदार शामिल हैं, जिनकी अगुवाई एशियन गेम्स में टीम रजत पदक विजेता राजेश्वरी कुमारी कर रही हैं, उनके साथ एशियन चैंपियनशिप की ब्रॉन्ज मेडलिस्ट आशिमा अहलावत भी हैं।

आईएसएसएफ विश्व कप 2026 के लिए भारतीय शूटिंग टीम:

मेंस स्कीट: परमपाल सिंह गुरोन, सुखबीर सिंह हरिका, हरमेहर सिंह लाली, मान सिंह और ज्योतिरादित्य सिंह सिसौदिया।

मेंस ट्रैप: किनान चेनाई, शरण सुशील ज्ञानचंद, भवनीश मेंदीरत्ता, मोहम्मद असद सुल्तान और पृथ्वीराज टोंडिमन।

विमेंस ट्रैप: आशिमा अहलावत, कीर्ति गुप्ता, राजेश्वरी कुमारी, प्रीति रजक और श्रेष्ठा सिसौदिया।

विमेंस स्कीट: महेश्वरी चौहान, अरीबा खान, मानसी रघुवंशी, दर्शना राठौड़ और यशस्वी राठौड़।

मिक्स्ड टीम ट्रैप: कीर्ति गुप्ता, राजेश्वरी कुमारी, किनान चेनाई और पृथ्वीराज टोंडिमान।

आईएसएसएफ विश्व कप 2026 टैंजियर का शेड्यूल:

28 मार्च: विमेंस स्कीट (रात 8:30 बजे), मेंस स्कीट (रात 10:00 बजे)

1 अप्रैल: विमेंस ट्रैप (रात 8:30 बजे), मेंस ट्रैप (रात 10:00 बजे)

2 अप्रैल: ट्रैप मिश्रित टीम (रात 9:00 बजे)