पटना, 11 मार्च (आईएएनएस)। बिहार की राजनीति में एंट्री लेने के बाद जदयू नेता निशांत कुमार बुधवार को पटना स्थित पार्टी कार्यालय पहुंचे। यहां उन्होंने जदयू के युवा विधायकों के साथ बैठक की। सभी से बिहार के विकास के बारे में उनकी राय ली। इस दौरान सभी युवा विधायकों ने बिहार के विकास को लेकर अपना-अपना विजन पेश किया।
बैठक के बाद निशांत कुमार ने मीडिया से बातचीत में कहा कि हमारे कार्यकर्ताओं, नेताओं और सांसदों को मिलकर लोगों के लिए काम करना चाहिए। हमारा मकसद है जनता की सेवा करना।
निशांत कुमार के पार्टी कार्यालय आने पर कुछ जदयू नेताओं के साथ आईएएनएस ने बातचीत की।
जदयू नेता चेतन आनंद ने कहा कि जदयू ऑफिस ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया, और वे खुद आए और पूछा कि बिहार कैसे आगे बढ़ सकता है। युवा नेताओं की एक टीम मौजूद थी, और चर्चा इस बात पर फोकस थी कि बिहार को कैसे आगे बढ़ाया जाए और सुधार के लिए एरिया की पहचान की जाए।
उन्होंने बताया कि निशांत कुमार कई जिलों की यात्रा पर निकलने वाले हैं, हालांकि अभी रूट निर्धारित नहीं किया गया है। लेकिन, संभावना है कि बहुत जल्द निशांत कुमार यात्रा पर निकलेंगे।
जदयू नेता मंजीत ने बताया कि निशांत कुमार पार्टी कार्यालय पहुंचे, सभी विधायकों, कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। उन्होंने सभी नए विधायकों से मुलाकात की। मुलाकात के दौरान उन्होंने बिहार के विकास पर जोर दिया। बैठक के दौरान सभी विधायकों ने अपनी बात रखी, जिसे निशांत कुमार ने ठीक ढंग से सुना।
निशांत कुमार की यात्रा को लेकर उन्होंने कहा कि यात्रा का शेड्यूल अभी फाइनल नहीं हुआ है, लेकिन जल्द ही शेड्यूल फाइनल हो जाएगा। संभावना है कि निशांत कुमार अपनी यात्रा अपने गांव से ही शुरू करेंगे।
बता दें कि बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने के फैसले के बाद से जदयू कार्यकर्ताओं ने नाराजगी जाहिर की थी। जदयू नेताओं ने मांग की थी कि निशांत कुमार को राजनीति में लाया जाए। इसके बाद नीतीश कुमार ने पार्टी के वरिष्ठ नेताओं से मुलाकात की। इस दौरान पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने सीएम के सामने प्रस्ताव रखा कि निशांत कुमार को पार्टी में आना चाहिए। इसके बाद निशांत कुमार ने पार्टी कार्यालय में आकर विधिवत रूप से पार्टी की सदस्यता ग्रहण की।
राजनीति के गलियारों में चर्चा है कि नीतीश कुमार के जाने के बाद अगली सरकार में निशांत कुमार को बड़ी जिम्मेदारी मिल सकती है। हालांकि, निशांत कुमार कई बार सीएम बनने के सवाल और अन्य पद को लेकर सवाल टाल चुके हैं।

