नई दिल्ली, 23 मार्च (आईएएनएस)। आईपीएल 2026 में एक बार फिर लखनऊ सुपर जायंट्स के तेज गेंदबाज मयंक यादव के प्रदर्शन पर क्रिकेट फैंस की नजर रहेगी। मयंक ने लीग के पिछले संस्करणों में अपनी तेज रफ्तार वाली गेंदबाजी से काफी प्रभावित किया है। हाल ही में दिए एक साक्षात्कार में मयंक यादव ने बचपन के दिनों, तेज गेंदबाजी के अपने आदर्शों और जसप्रीत बुमराह के साथ अपने रिश्ते पर बात की।
जियोस्टार पर एक शो के दौरान मयंक यादव ने कहा, “जब मैं गलियों में खेलता था, तो मुझे स्पिन गेंदबाजी करनी नहीं आती थी। इसलिए मैं सिर्फ तेज गेंदबाजी करता था। तेज गेंदबाजी का मेरा जुनून बचपन से था। मेरे पिता भी मुझे तेज गेंदबाजी के बहुत सारे वीडियो दिखाते थे। दक्षिण अफ्रीका के तेज गेंदबाज मोर्ने मोर्कल और डेल स्टेन मुझे बहुत पसंद थे। उन्हीं की वजह से मुझमें तेज गेंदबाजी का जुनून जागा।”
मयंक ने कहा, “बहुत से लोग कहते हैं कि मयंक यादव एक ‘वंडर किड’ हैं, जिनमें कुदरती प्रतिभा है। यह सुनकर अच्छा लगता है। लेकिन मैं शुरू से ही कोई ‘वंडर किड’ नहीं था। मैं यह नहीं कहूंगा कि मेरी गेंदबाजी में तेज रफ्तार हमेशा से थी। तेज गेंदबाजी के साथ, चीजें हमेशा थोड़ी अनिश्चित होती हैं कि आप इसे कर पाएंगे या नहीं। खेल का यह हिस्सा एक बहुत ही बारीक रेखा पर चलता है। शरीर पर, शारीरिक और मानसिक दोनों तरह से, बहुत ज्यादा दबाव पड़ता है। जब मैं पहली बार आईपीएल में आया, तो हमारे प्रशिक्षक ‘स्पीड गन’ से हमारी गेंदबाजी की रफ्तार मापते थे। उस समय मुझे पता चला कि मुझमें यह प्रतिभा है, यह एक तोहफा है। इसलिए अब मुझे इसका सम्मान करना होगा।”
युवा तेज गेंदबाज को इंजरी की समस्या रही है और उन्हें सर्जरी भी करानी पड़ी है। इस पर उन्होंने कहा, “सर्जरी के बाद मेरे लिए सब कुछ बदल गया है। पहले, मैं कभी अपनी देखभाल नहीं करता था। जब भी मुझे रिकवरी सेशन करना होता था, तो मैं उससे बचता था और कई चीजों को नजरअंदाज कर देता था। लेकिन सर्जरी के बाद, मैंने रिकवरी, खान-पान और नींद पर बहुत ज्यादा ध्यान दिया है।”
मौजूदा समय जसप्रीत बुमराह को दुनिया का सर्वश्रेष्ठ तेज गेंदबाज माना जाता है। उनके साथ अपने रिश्ते पर मयंक ने कहा कि मैं जब नेशनल क्रिकेट एकेडमी (एनसीए) में रिहैब कर रहा था, तब बुमराह भैया भी वहीं थे। इसलिए उनके साथ मेरी बहुत अच्छी बॉन्डिंग है। वह मेरे लिए एक टीचर की तरह हैं। उनकी भी वैसी ही सर्जरी हुई थी, वैसी ही स्थिति थी।”
मयंक ने कहा, “बुमराह भैया ने अपना अनुभव शेयर किया कि सर्जरी के बाद वापसी कैसे करनी है और किन चीजों पर ध्यान देना है। मुझे बताया कि रिकवरी के दौरान शरीर कैसा महसूस करेगा और कैसी प्रतिक्रिया देगा। कभी-कभी अच्छा लगेगा, तो कभी नहीं। जब भी हम फोन पर या मैसेज के जरिए बात करते हैं, तो वह जितना हो सके अपना अनुभव शेयर करते हैं।”

