झारखंड पुलिस का बेड़ा हुआ और मजबूत, सीएम हेमंत सोरेन ने 1485 नए वाहनों को दिखाई हरी झंडी

0
6

रांची, 13 मार्च (आईएएनएस)। झारखंड पुलिस की कार्यप्रणाली को हाईटेक बनाने और राज्य में कानून व्यवस्था को अधिक सुदृढ़ करने की दिशा में शुक्रवार को सरकार के स्तर पर एक बड़ी पहल हुई। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने विधानसभा परिसर से पुलिस बेड़े के लिए 1485 नए वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

आवंटित किए गए कुल 1485 वाहनों में 636 चार पहिया पेट्रोलिंग वाहन (महिंद्रा बोलेरो बीएस-6 मॉडल) और 849 दो पहिया वाहन शामिल हैं। सरकार ने कुल 1255 पेट्रोलिंग और 1697 दो पहिया वाहनों की स्वीकृति दी है, जिसके पहले चरण का वितरण आज संपन्न हुआ। वितरित की गई 636 बोलेरो में से 614 गाड़ियां सीधे अलग-अलग जिलों को भेजी गई हैं, जबकि शेष वाहन क्यूआरटी और अन्य विशेष इकाइयों को सौंपे गए हैं।

पुलिस मुख्यालय का दावा है कि इस पहल से शहरी और ग्रामीण इलाकों में गश्ती व्यवस्था को सुदृढ़ करने में बड़ी मदद मिलेगी। वाहनों के वितरण के साथ-साथ मुख्यमंत्री ने राज्य के पुलिस बुनियादी ढांचे को मजबूती देते हुए 12 नए अत्याधुनिक थाना भवनों का ऑनलाइन शिलान्यास भी किया। ये हाईटेक थाने हजारीबाग, बोकारो, देवघर, धनबाद, गढ़वा, गिरिडीह, पलामू, पूर्वी सिंहभूम, गुमला, रांची, दुमका और चतरा जिले में बनाए जाएंगे।

इन थानों की विशेषता यह होगी कि एक ही भवन के भीतर चार विशेष पुलिस स्टेशन संचालित होंगे, जिससे आम जनता को विभिन्न प्रकार की शिकायतों के लिए अलग-अलग कार्यालयों के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने इस अवसर पर कहा कि पुलिस का आधुनिकीकरण सरकार की प्राथमिकता है ताकि जनता को भयमुक्त वातावरण मिल सके।

संसाधनों की कमी को दूर कर पुलिस बल को तकनीकी और साजो-सामान के स्तर पर सशक्त बनाया जा रहा है। कार्यक्रम के दौरान गृह विभाग के वरिष्ठ अधिकारी और पुलिस मुख्यालय के आला अफसर भी मौजूद थे।

–आईएएनएस

एसएनसी/एएस