‘जॉली एलएलबी3’ का वर्ल्ड टेलीविजन प्रीमियर 22 मार्च को, दोनों ‘जॉली’ के बीच छिड़ेगी कानूनी जंग

0
11

मुंबई, 21 मार्च (आईएएनएस)। सौरभ शुक्ला, अक्षय कुमार और अरशद वारसी की कोर्ट ड्रामा फिल्म ‘जॉली एलएलबी-3’ सिनेमाघरों में धमाल मचाने के बाद अब टेलीविजन पर दस्तक देने वाली है। शनिवार को मेकर्स ने इस बात की जानकारी दी।

मेकर्स ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट पर फिल्म का क्लिप पोस्ट किया। इसमें अक्षय और अरशद की हल्की फुल्की नोक झोंक देखने को मिल रही है। वीडियो शेयर कर मेकर्स ने लिखा, “कोर्टरूम में होगा फुल-ऑन हंगामा, जब दोनों जॉली करेंगे एक दूसरे का सामना। देखिए, ‘जॉली एलएलबी3’ का वर्ल्ड टेलीविजन प्रीमियर कल रविवार रात 8 बजे स्टार गोल्ड पर प्रसारित होगी।”

19 सितंबर 2025 में रिलीज हुई फिल्म ‘जॉली एलएलबी-3’ एक हिंदी लीगल-कॉमेडी ड्रामा फिल्म है, जिसे सुभाष कपूर ने निर्देशित किया है। फिल्म में अक्षय और अरशद दोनों के नाम जॉली होते हैं, जिसको लेकर दोनों लड़ते रहते हैं, हालांकि निर्देशक ने फिल्म में न्याय व्यवस्था, कॉरपोरेट लालच और किसानों के संघर्ष को हास्य और कोर्ट रूम ड्रामा के माध्यम से दिखाया है।

इस फिल्म में अक्षय कुमार (जॉली मिश्रा) और अरशद वारसी (जॉली त्यागी) दोनों वकील के रूप में आमने-सामने नजर आते हैं, जो किसानों की जमीन के मुद्दे और रियल एस्टेट माफिया के खिलाफ लड़ाई पर आधारित है। यह फिल्म 2011 के भट्टा-पारसौल किसान आंदोलन से प्रेरित है, जिसमें राजस्थान के बीकानेर की पृष्ठभूमि पर एक किसान परिवार की जमीन को हड़पने की कहानी दिखाई गई है। यह ‘जॉली एलएलबी’ फ्रेंचाइजी की तीसरी किस्त है।

‘जॉली एलएलबी 3’ में अमृता राव, हुमा कुरैशी और अन्नू कपूर अहम किरदार में होंगे। इसकी कहानी पहले से ज्यादा मजेदार होगी, क्योंकि इस बार फिल्म में अक्षय कुमार और अरशद वारसी दोनों ही अपने-अपने ‘जॉली’ अवतार में दिखाई देंगे। फिल्म की कहानी को सुभाष कपूर ने लिखा है और डायरेक्ट भी किया है। वहीं, प्रोड्यूसर आलोक जैन और अजित अंधारे हैं।

‘जॉली एलएलबी’ फ्रेंचाइजी की पहली फिल्म साल 2013 में रिलीज हुई थी। इसमें अरशद वारसी, बोमन ईरानी, अमृता राव और सौरभ शुक्ला थे। इसका दूसरा पार्ट 2017 में रिलीज हुआ और इसमें अक्षय कुमार दिखाई दिए। इनके अलावा फिल्म में हुमा कुरैशी, अन्नू कपूर और कुमुद मिश्रा जैसे सितारे भी नजर आए थे।