केजरीवाल का दावा-गुजरात में ‘आप’ कार्यकर्ताओं के खिलाफ हुई 145 एफआईआर

0
7

नई दिल्ली, 1 अप्रैल (आईएएनएस)। आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने भाजपा पर आरोप लगाते हुए दावा किया है कि गुजरात में उनकी पार्टी के कार्यकर्ताओं पर 145 एफआईआर हो चुकी है।

अरविंद केजरीवाल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा कि पिछले तीन महीनों में गुजरात में आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं के खिलाफ 145 एफआईआर हो चुकी हैं। 160 से ज्यादा कार्यकर्ताओं को भाजपा सरकार गिरफ्तार कर चुकी है। भाजपा गुजरात में हार के डर से आम आदमी पार्टी से बुरी तरह से बौखलायी हुई है और अब तानाशाही पर उतर आई है। आज हमारे पार्टी के राज्य अध्यक्ष इसुदान गढ़वी को गिरफ्तार कर लिया गया। अब गुजरात का एक-एक शख्स इनसे बदला लेगा। भाजपा का यह घमंड और अत्याचार गुजरात की जनता ही तोड़ेगी।

आम आदमी पार्टी का दावा है कि आप कार्यकर्ता की गैरकानूनी गिरफ्तारी के खिलाफ प्रदेश अध्यक्ष इसुदान गढ़वी पुलिस स्टेशन गए थे। यहां पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया।

दूसरी ओर दिल्ली में आप नेता अनुराग ढांडा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर भाजपा पर आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि गुजरात के अंदर आम आदमी पार्टी का विस्तार हो रहा है। गुजरात की जनता आप को पसंद कर रही है, हमारी रैलियों में जबरदस्त भीड़ उमड़ रही है।

वहीं भाजपा से लोगों का विश्वास उठ चुका है, भाजपा की रैलियों में कुर्सियां खाली पड़ी हैं। भाजपा को आप से डर लग रहा है, और हमारे 160 से ज़्यादा कार्यकर्ताओं को तानाशाही तरीके से गिरफ्तार किया गया है।

गैस संकट का जिक्र करते हुए कहा कि भाजपा की सरकार को देश की नहीं बल्कि केवल चुनाव की चिंता है। पेट्रोल, गैस और सीमेंट के दाम बढ़ना बताता है कि अब जल्द ही बहुत बड़ा महंगाई बम जनता पर फूटने वाला है। शहरों से लोगों ने पलायन शुरू कर दिया है।

लोगों को एलपीजी सिलेंडर नहीं मिल पा रहा है, उनके घरों में खाना नहीं बन पा रहा है। सरकार कह रही है कि एलपीजी का पर्याप्त इंतजाम है लेकिन फिर देशभर में लाइनें क्यों लग रही हैं।