केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह और कई राज्यों के मुख्यमंत्रियों ने गणेश शंकर विद्यार्थी को दी विनम्र श्रद्धांजलि

0
8

नई दिल्ली, 25 मार्च (आईएएनएस)। केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह सहित कई राज्यों के मुख्यमंत्रियों ने बुधवार को महान स्वाधीनता संग्राम सेनानी, पत्रकार, समाजसेवी गणेश शंकर विद्यार्थी की पुण्यतिथि पर उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि दी।

केंद्रीय मंत्री और उत्तर प्रदेश भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष पंकज चौधरी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा, “स्वतंत्रता आंदोलन में अपनी लेखनी से क्रांतिकारियों में ऊर्जा का संचार करने वाले निर्भीक पत्रकार गणेश शंकर विद्यार्थी की पुण्यतिथि पर विनम्र श्रद्धांजलि। उन्होंने अपनी कलम की ताकत से जनमानस में राष्ट्रीयता की अलख जगाई और स्वतंत्रता संग्राम में अग्रिम भूमिका निभाई।”

केंद्रीय मंत्री और मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा, “अपनी लेखनी के माध्यम से ब्रिटिश सरकार के अन्याय व शोषण के विरुद्ध आवाज मुखर करने वाले महान स्वतंत्रता सेनानी, भारतीय पत्रकारिता के पुरोधा, श्रद्धेय गणेश शंकर विद्यार्थी की पुण्यतिथि पर विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करता हूँ! आपके प्रखर विचार व आदर्श जीवन सदैव युवाओं को राष्ट्र और समाज की सेवा के लिए प्रेरित करते रहेंगे।”

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा, “निडर, नैतिक और जनपक्षधर पत्रकारिता के प्रतीक, महान स्वाधीनता संग्राम सेनानी, गणेश शंकर विद्यार्थी की पुण्यतिथि पर विनम्र श्रद्धांजलि। समाज व राष्ट्र की सेवा में समर्पित आपका संपूर्ण जीवन हम सभी को राष्ट्रसेवा के पथ पर सदैव प्रेरित करता रहेगा।”

हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा, “प्रखर राष्ट्रवादी विचारों और निर्भीक लेखनी से अंग्रेजी हुकूमत को चुनौती देने वाले महान स्वतंत्रता सेनानी व पत्रकारिता के स्तंभ, श्रद्धेय गणेश शंकर विद्यार्थी की पुण्यतिथि पर विनम्र श्रद्धांजलि। उनके सिद्धांत और आदर्श जीवन हमें सदैव सत्य, न्याय व राष्ट्रसेवा के पथ पर अग्रसर होने की प्रेरणा देते रहेंगे।”

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा, “स्वाधीनता संग्राम के महान सेनानी और निर्भीक पत्रकारिता के अप्रतिम प्रतीक, गणेश शंकर विद्यार्थी की पुण्यतिथि पर उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि। राष्ट्र की स्वतंत्रता और जन-जागरण के लिए आपका अटूट समर्पण अद्वितीय है। अपनी लेखनी के माध्यम से समाज में चेतना का संचार करने और देश की अखंडता के प्रति आपकी निष्ठा सदैव अविस्मरणीय रहेगी।”

छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा, “महान स्वतंत्रता संग्राम सेनानी, निर्भीक पत्रकारिता के अमर प्रतीक एवं जनसेवा के अप्रतिम साधक गणेश शंकर विद्यार्थी की पुण्यतिथि पर उन्हें कोटि-कोटि नमन। अन्याय, शोषण और सांप्रदायिकता के विरुद्ध उनकी निडर लेखनी और साहसिक व्यक्तित्व आज भी हम सभी के लिए प्रेरणास्रोत है।”