खड़गे के ‘अनपढ़ गुजराती’ वाले बयान पर विवाद, भाजपा नेताओं ने किया पलटवार

0
9

गांधीनगर/नई दिल्ली, 6 अप्रैल (आईएएनएस)। केंद्रीय खेल मंत्री और पोरबंदर के सांसद मनसुख मंडाविया ने कांग्रेस पार्टी पर गुजरात के प्रति “नकारात्मक सोच” रखने का आरोप लगाया। यह आरोप तब लगाया गया जब केरल में हुई एक रैली के दौरान पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की टिप्पणियों को लेकर राजनीतिक विवाद बढ़ गया।

विधानसभा चुनावों से पहले केरल के इडुक्की में एक जनसभा में खड़गे ने कहा था कि केरल के लोगों को गुमराह नहीं किया जा सकता क्योंकि वे समझदार और पढ़े-लिखे हैं। उन्होंने कहा था कि मोदी और विजयन जैसे नेता गुजरात या अन्य जगहों पर कम पढ़े लोगों को भ्रमित कर सकते हैं लेकिन केरल के लोगों को नहीं।

इस बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए मंडाविया ने कहा कि कांग्रेस पार्टी की गुजरात और गुजरातियों के प्रति नकारात्मक सोच कोई नई बात नहीं है। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि चाहे यह सरदार वल्लभभाई पटेल के योगदान को नज़रअंदाज़ करने की कोशिश हो या नर्मदा बांध परियोजना को रोकने और राज्य के विकास में बाधा डालने का मामला हो, कांग्रेस ने हमेशा गुजरात के हितों के खिलाफ काम किया है।

मंडाविया ने खड़गे के हालिया बयान का सीधे तौर पर जिक्र करते हुए कहा कि यह बयान कांग्रेस के भीतर मौजूद गुजरात के प्रति कड़वाहट और दुर्भावना को दर्शाता है।

गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने खड़गे की टिप्पणियों को “बेहद आपत्तिजनक और दुर्भाग्यपूर्ण” बताया। उन्होंने कहा कि इस तरह की बातें केवल छह करोड़ गुजरातियों का अपमान ही नहीं करतीं बल्कि महात्मा गांधी व सरदार वल्लभभाई पटेल की पवित्र धरती की गरिमा को भी ठेस पहुंचाती हैं।

केंद्रीय खेल मंत्री और पोरबंदर के सांसद मनसुख मंडाविया ने कहा कि गुजरात ने हमेशा राष्ट्र-निर्माण, विकास और एकता में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है और भविष्य में भी निभाएगा। उन्होंने कहा कि खड़गे का बयान कांग्रेस की संकीर्ण सोच को उजागर करता है।

सीएम भूपेंद्र पटेल ने कहा कि यह टिप्पणी स्पष्ट रूप से दिखाती है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में चल रही विकास की राजनीति और उसे मिल रहे व्यापक जनसमर्थन के कारण कांग्रेस कितनी असहज और असुरक्षित महसूस कर रही है।

उपमुख्यमंत्री हर्ष संघवी ने भी खड़गे की आलोचना करते हुए पूछा कि कांग्रेस को गुजरात से इतनी नफरत क्यों है। उन्होंने कहा कि बार-बार गुजरात के लोगों को निशाना बनाना केवल अपमान ही नहीं है बल्कि यह स्पष्ट संदेश देता है कि कांग्रेस गुजरात की जनता द्वारा सत्ता से बाहर किए जाने का बदला ले रही है।

संघवी ने कहा कि गुजरात के जागरूक लोगों ने हमेशा उस कांग्रेस को नकारा है, जो गांधी और पटेल की पवित्र धरती का अपमान करती है और भविष्य में भी उसे नकारते रहेंगे।

खड़गे की ये टिप्पणियां केरल में उनके चुनाव प्रचार के दौरान आईं, जहां उन्होंने भाजपा और सत्ताधारी लेफ्ट डेमोक्रेटिक अलायंस को निशाना बनाया। इससे राज्यभर में पार्टियों के बीच राजनीतिक तनाव और बढ़ गया।