लगातार दमदार प्रदर्शन, शानदार फिटनेस, फिर भी शमी के साथ नाइंसाफी क्यों?

0
10

नई दिल्ली, 6 अप्रैल (आईएएनएस)। ‘सैयद मुश्ताक अली 2025’ टूर्नामेंट में खेले 7 मुकाबलों में 16 विकेट। रणजी ट्रॉफी 2025-26 सीजन में खेले 7 मुकाबलों में 16.72 की औसत से 37 विकेट। आईपीएल 2026 में अब तक खेले 2 मुकाबलों में 3 विकेट और इकोनॉमी महज 4.62। ये आंकड़े तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी के हैं, जो पिछले एक साल से भारतीय टीम में अपनी वापसी की राह देख रहे हैं।

लाल गेंद क्रिकेट का फॉर्मेट हो या फिर टी20 क्रिकेट, शमी हर फॉर्मेट और हर परिस्थिति में पिछले एक साल से अपनी काबिलियत को लगातार साबित करते आ रहे हैं। इसके बावजूद भारतीय टीम के सेलेक्टर्स उन्हें लगातार नजरअंदाज किए जा रहे हैं। पिछले साल पहले ऑस्ट्रेलिया और फिर इंग्लैंड दौरे के लिए शमी को टीम में जगह नहीं दी गई। मुख्य चयनकर्ता अजीत अगरकर ने बताया कि शमी पूरी तरह से फिट नहीं हैं और फिट होते ही उनकी टीम में वापसी होगी।

हर किसी को उम्मीद थी कि एशिया कप 2025 के लिए चुनी जाने वाली भारतीय टीम में शमी को मौका मिलेगा, लेकिन उन्हें फिर नजरअंदाज कर दिया गया। टी20 फॉर्मेट छोड़िए, शमी को घरेलू सरजमीं पर ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेली गई वनडे सीरीज के लिए भी टीम में नहीं चुना गया। मुख्य चयनकर्ता अजीत अगरकर ने शमी को इंटरनेशनल मुकाबले के लिए पूरी तरह से फिट नहीं बताया। इसके ठीक बाद रणजी ट्रॉफी में शमी बंगाल की तरफ से खेले और दमदार प्रदर्शन करते हुए अपनी फिटनेस और फॉर्म दोनों को साबित करके दिखाया। 7 मुकाबलों में शमी ने 16.72 की औसत से 37 विकेट निकाले।

हालांकि, फिर भी शमी चयनकर्ताओं का भरोसा नहीं जीत सके। टी20 फॉर्मेट में शमी की आलोचना करने वालों को उन्होंने सैयद मुश्ताक अली टूर्नामेंट में अपने प्रदर्शन से जवाब दिया। 7 मुकाबलों में शमी ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए 16 विकेट चटकाए। सैयद मुश्ताक अली टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन के बावजूद भी शमी को साल 2026 की शुरुआत में न्यूजीलैंड के खिलाफ हुई वनडे और टी20 सीरीज के लिए भारतीय टीम में शामिल नहीं किया गया। भारत की सरजमीं पर हुए टी20 विश्व कप 2026 के लिए चुनी गई भारतीय टीम में भी शमी को मौका नहीं दिया गया। यह जानते हुए कि साल 2023 में भारत की धरती पर खेले गए वनडे वर्ल्ड कप में शमी सबसे ज्यादा विकेट निकालने वाले गेंदबाज रहे थे।

हालांकि, शमी हर टूर्नामेंट और हर लीग में अपनी काबिलियत लगातार साबित करते आ रहे हैं। आईपीएल 2026 में भी उन्होंने पहले दो मुकाबलों में अपनी शानदार फिटनेस और फॉर्म का नजारा पेश कर दिया है। लखनऊ सुपर जायंट्स की तरफ से खेलते हुए दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ शमी ने 4 ओवर में सिर्फ 28 रन देकर केएल राहुल का बड़ा विकेट अपने नाम किया था। वहीं, दूसरे मुकाबले में सनराइजर्स हैदराबाद के बल्लेबाजों के पास शमी की आग उगलती गेंदों का मानो कोई जवाब ही नहीं था। 4 ओवर के स्पेल में शमी ने सिर्फ 9 रन खर्च किए और 2 विकेट निकालने में भी सफल रहे। उनका इकोनॉमी महज 2.20 का रहा, जो शायद किसी गेंदबाज का अब टेस्ट क्रिकेट में भी नहीं रहता होगा। शमी अगर इसी फॉर्म को पूरे टूर्नामेंट में बरकरार रखने में सफल रहे, तो इस बार उन्हें नजरअंदाज कर पाना बेहद मुश्किल होगा।