पटना, 10 मार्च (आईएएनएस)। बिहार के भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने गैस किल्लत और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के राज्यसभा संसद के लिए नामांकन और मिडिल ईस्ट में चल रहे संघर्ष पर आईएएनएस में बातचीत की।
बिहार के विकास पर सरावगी ने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार ने प्रगति यात्रा से समृद्धि यात्रा तक का सफर तय किया है। 23 हजार करोड़ के बजट से आज 3 लाख 47 हजार करोड़ का बजट हो गया है। लालू यादव के जंगलराज से मुक्त होकर बिहार विकास दर में बड़े राज्यों में तमिलनाडु के बाद दूसरे स्थान पर है।
उन्होंने कहा कि समृद्धि यात्रा में मुख्यमंत्री ने स्थल निरीक्षण किया, भू-सत्यापन किया और तुरंत कैबिनेट से संशोधन होकर विकास योजनाओं में काम शुरू हो गया है। समृद्धि यात्रा को विधानसभा सत्र के कारण बीच में रोका गया था, लेकिन अब पुनः शुरू हो रही है।
बेंगलुरु में गैस की कमी की खबरों पर टिप्पणी करते हुए उन्होंने स्पष्ट किया, “बेंगलुरु की स्थिति के बारे में मुझे विस्तृत जानकारी नहीं है, लेकिन बिहार में एलपीजी की कोई किल्लत नहीं है। भारी मांग के बावजूद सरकार ने न केवल आपूर्ति सुचारू रखी है, बल्कि कीमतों पर भी प्रभावी नियंत्रण बनाए रखा है।”
आगामी चुनावी तैयारियों का जिक्र करते हुए उन्होंने भाजपा की कार्यप्रणाली पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा, “भाजपा एक राष्ट्रीय दल है और ‘परिवार भाव’ हमारी कार्यशैली का आधार है। जब भी किसी राज्य में चुनाव होते हैं, अन्य राज्यों के कार्यकर्ता वहां सहयोग के लिए जाते हैं।” उन्होंने असम, केरल, पुडुचेरी, तमिलनाडु और पश्चिम बंगाल के चुनावों का उदाहरण देते हुए कहा कि बिहार में भी दूसरे राज्यों से सैकड़ों कार्यकर्ता आए थे। हालांकि, उन्होंने विशेष रूप से उल्लेख किया कि पश्चिम बंगाल की राजनीतिक परिस्थितियां अन्य राज्यों की तुलना में काफी भिन्न और चुनौतीपूर्ण हैं।
उन्होंने ममता बनर्जी पर निशाना साधते हुए कहा कि राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु का जिस तरह अपमान किया गया, उसमें अहंकार और सांप्रदायिक राजनीति की झलक मिलती है। ममता बनर्जी को माफी मांगनी चाहिए, लेकिन उनका अहंकार उन्हें ऐसा करने नहीं देगा। पश्चिम बंगाल की जनता चुनाव में इस अहंकार को चकनाचूर कर देगी।

