लेबनान पर हमले के बाद होर्मुज से टैंकर गुजरने पर ईरान ने लगाई रोक

0
5

तेहरान, 8 अप्रैल (आईएएनएस)। लेबनान पर इजरायल के ताबड़तोड़ हमले के बाद ईरान ने होर्मुज को लेकर बड़ा फैसला किया है। स्थानीय मीडिया के अनुसार जवाबी कार्रवाई के तहत होर्मुज स्ट्रेट से तेल टैंकरों के गुजरने पर रोक लगा दी है।

दूसरी ओर हिज्बुल्लाह ने भी चेतावनी दी कि अगर सीजफायर में लेबनान को शामिल नहीं किया गया, तो “समझौता टूट सकता है।” संगठन का कहना है कि अगर इजरायल ने हमले जारी रखे, तो जवाब दिया जाएगा।

ब्रिटिश अखबार द गार्डियन के अनुसार, कई शिपिंग सोर्स के मुताबिक, ईरानी नेवी ने तेहरान की इजाजत के बिना होर्मुज स्ट्रेट से गुजरने की कोशिश करने वाले जहाजों को तबाह करने की धमकी दी है, और यह भी कहा है कि पानी के रास्ते से ट्रांजिट बंद रहेगा।

मैसेज में कहा गया, “समुद्र में जाने की कोशिश करने वाले किसी भी जहाज को… टारगेट करके तबाह कर दिया जाएगा।”

ईरान की फार्स न्यूज एजेंसी की रिपोर्ट के मुताबिक, लेबनान में इजरायली हमलों के जवाब में ईरान ने होर्मुज स्ट्रेट से तेल टैंकरों के गुजरने पर रोक लगा दी है।

फार्स की रिपोर्ट के मुताबिक, ईरान और यूएस के बीच सीजफायर लागू होने के बाद आज सुबह दो तेल टैंकरों को स्ट्रेट से गुजरने दिया गया। एजेंसी की रिपोर्ट के मुताबिक, “लेबनान पर इजरायली हमलों के साथ ही, होर्मुज स्ट्रेट से तेल टैंकरों का गुजरना रोक दिया गया है।”

इस बीच इजरायली रक्षा मंत्री इजराइल काट्ज ने एक वीडियो बयान जारी कर लेबनान पर ‘सरप्राइज अटैक’ की जानकारी दी। काट्ज ने कहा कि मिलिट्री ने बुधवार को लेबनान में सैकड़ों हिज्बुल्लाह सदस्यों को टारगेट किया।

काट्ज ने कहा, “आईडीएफ ने लेबनान में कमांड सेंटर्स पर सैकड़ों हिज्बुल्लाह लड़ाकों पर सरप्राइज स्ट्राइक किया। ऑपरेशन बीपर्स के बाद हिज्बुल्लाह को यह सबसे बड़ा झटका है।” बीपर्स 2024 का वो पेजर बम हमला था जिसे इजरायल ने हिज्बुल्लाह के खिलाफ अंजाम दिया था।