भोपाल, 31 मार्च (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश विधानसभा के अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर ने कहा है कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए आम नागरिक का जागरूक होना जरूरी है। मध्य प्रदेश के विधानसभा परिसर में आयोजित युवा विधायक सम्मेलन के समापन अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष तोमर ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए नागरिकों का जागरूक होना अनिवार्य है। भारत में युवाओं की संख्या दुनिया में सर्वाधिक है।
मध्य प्रदेश विधानसभा के अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर ने कहा कि यह सही समय है जब देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था को मज़बूत बनाने और 2047 का विकसित भारत बनाने के लिए युवा शक्ति का भरपूर योगदान होना चाहिए। युवा विधायक इस जागरूकता को पैदा करने के सबसे सशक्त माध्यम हैं। युवा विधायक परिवर्तनकारी भी हैं और लोकतंत्र को अधिक जीवंत, जवाबदेह और समावेशी बनाने वाले कर्ता भी।
युवा विधायक समाज का लोकतंत्र में विश्वास बढ़ाने में सबसे अहम् भूमिका निभा सकते हैं और सक्रियता ही यह सुनिश्चित करती है कि लोकतंत्र केवल वोट देने तक सीमित न रहे, बल्कि शासन में भागीदारी तक पहुँचे। दो दिनों तक चले इस युवा विधायक सम्मेलन में मध्यप्रदेश, राजस्थान और छत्तीसगढ़ के युवा विधायकों ने हिस्सा लिया। विधानसभा अध्यक्ष तोमर ने कहा कि दुनिया के सबसे सशक्त लोकतंत्र में से एक भारत का है। बीते वर्ष अचानक नेपाल की राजनीतिक व्यवस्था ने सभी का ध्यान खींचा। हमारे पड़ोसी देश नेपाल में युवाओं द्वारा स्थानीय सरकार के विरूद्ध बड़ा विरोध प्रदर्शन किया गया।
उन्होंने कहा कि सितंबर 2025 में शुरू हुए इस आंदोलन का नेतृत्व किसी राजनीतिक दल ने नहीं, बल्कि इंटरनेट और सोशल मीडिया के दौर में पली-बढ़ी पीढ़ी ने किया था जिसे जेन ज़ी कहा जाता है। जेन ज़ी यानी 1997-2012 के बीच जन्मे बच्चे। हालांकि आंदोलन सोशल मीडिया पर प्रतिबंध के विरोध के रूप में शुरू हुआ लेकिन जल्द ही यह भ्रष्टाचार, वंशवाद, बढ़ती बेरोजगारी और कुप्रबंधन के खिलाफ एक व्यापक विद्रोह में बदल गया। इसे बांग्लादेश और श्रीलंका में हुए युवा आंदोलनों की तरह देखा गया जहां तकनीक-प्रेमी युवाओं ने सत्ता को चुनौती दी थी।
उन्होंने कहा कि हमारे तीनों पड़ोसी देशों की इन राजनीतिक घटनाओं की तुलना में जब अपने देश को देखते है तो एक सुखद अनुभूति होती है कि हमारे देश में युवा आक्रोशित नहीं हैं बल्कि वे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत 2047 के स्वप्न को पूरा करने के मनोबल से परिपूर्ण हैं। उन्होंने आगे कहा कि विकसित भारत 2047 एक महत्वाकांक्षी विजन है जिसका लक्ष्य देश की स्वतंत्रता के 100वें वर्ष 2047 तक भारत को एक विकसित राष्ट्र बनाना है।
उन्होंने कहा कि इस मिशन को प्रधानमंत्री मोदी ने युवा, गरीब, महिलाओं और किसानों के विकास की योजना पर ध्यान केंद्रित किया है। नवाचार और कौशल विकास के माध्यम से नई पीढ़ी को सशक्त बनाना है। शून्य गरीबी का लक्ष्य और 100 प्रतिशत बुनियादी सुविधाओं की पहुंच सुनिश्चित करना है। आर्थिक भागीदारी बढ़ाकर महिलाओं का सशक्तिकरण करना है तथा कृषि को आधुनिक बना कर किसानों की आय में वृद्धि करना है। भारत को दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था से बढ़ाकर लगभग 30-40 ट्रिलियन डॉलर की जीडीपी तक ले जाना है। आधुनिक एक्सप्रेसवे, स्मार्ट रेलवे और डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर का विस्तार करते हुए मेक इन इंडिया के लक्ष्य को साध कर भारत को दुनिया का उत्पादन केंद्र बनाना है।
–आईएएनएस
एसएनपी/पीएम




