लंदन में यहूदियों की चार एम्बुलेंस में आगजनी की घटना पर पीएम स्टार्मर ने जताया दुख

0
10

लंदन, 23 मार्च (आईएएनएस)। लंदन के गोल्डर्स ग्रीन इलाके में एक यहूदी कम्युनिटी इमरजेंसी सेवा की चार एम्बुलेंस में आग लगा दी गई। ब्रिटेन के प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर ने इस घटना पर अपनी नाराजगी जाहिर की है। स्थानीय मीडिया की ओर से साझा जानकारी के अनुसार, पुलिस इस घटना को यहूदी विरोधी नफरत से जुड़ा अपराध मान रही है।

पीएम स्टार्मर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, “यह बहुत ही चौंकाने वाला हमला है। मेरी संवेदनाएं यहूदी समुदाय के साथ हैं जो सोमवार सुबह इस भयानक खबर के साथ जाग रहे हैं। हमारे समाज में एंटीसेमिटिज्म की कोई जगह नहीं है। जिसके पास कोई भी जानकारी हो, उसे पुलिस के पास आना चाहिए।”

बता दें, आग लगने की खबर मिलने के बाद सोमवार सुबह करीब 1.45 बजे (स्थानीय समयानुसार) मेट्रोपॉलिटन पुलिस के अधिकारियों को हाईफील्ड रोड पर बुलाया गया। द गार्डियन के मुताबिक, अधिकारियों ने बाद में पुष्टि की है कि इस घटना की जांच एक लक्षित नफरती अपराध के तौर पर की जा रही है।

लंदन फायर ब्रिगेड ने कहा कि आग पर काबू पाने के लिए छह फायर इंजन और करीब 40 फायरफाइटर लगाए गए, जिससे चार गाड़ियों को नुकसान हुआ। आग लगने के दौरान एम्बुलेंस के अंदर कई सिलेंडर फट गए, जिससे पास की एक आवासीय बिल्डिंग की खिड़कियां टूट गईं। शुरुआती कार्रवाई में किसी के घायल होने की खबर नहीं है।

इलाके में पुलिसिंग की देखरेख करने वाली सुपरिंटेंडेंट सारा जैक्सन ने कहा, “हम जानते हैं कि इस घटना से लोगों में बहुत चिंता होगी और अधिकारी तुरंत जांच करने के लिए मौके पर मौजूद हैं।” द गार्डियन के मुताबिक, जैक्सन ने कहा, “हम सीसीटीवी की जांच कर रहे हैं और हमें ऑनलाइन फुटेज के बारे में पता है। हमें लगता है कि हम इस शुरुआती दौर में तीन संदिग्धों की तलाश कर रहे हैं।”

उन्होंने कहा, “अभी तक कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है, और हम किसी से भी अपील करेंगे कि अगर उसके पास कोई जानकारी है तो वह जल्द से जल्द हमसे संपर्क करे। अगर आप चाहें तो बिना नाम बताए भी ऐसा कर सकते हैं।”

जैक्सन ने बताया कि पुलिस इलाके में अपनी मौजूदगी बढ़ाएगी। उन्होंने कहा, “हम धार्मिक नेताओं से बात करेंगे और स्थानीय इलाके में और पेट्रोलिंग करेंगे ताकि भरोसा दिलाया जा सके और लोगों की मौजूदगी साफ तौर पर दिखे।”

स्थानीय निगरानी समूह शोमरिम के अनुसार, सोमवार तड़के उन्हें जोरदार धमाकों की आवाजें सुनाई दीं। शोमरिम ने कहा, “धमाके ऑक्सीजन टैंक की वजह से हुए थे, बम या एक्सप्लोसिव डिवाइस की वजह से नहीं। हालांकि कुछ बिल्डिंग खाली करा ली गई हैं लेकिन किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। जब तक जांच चल रही है, कृपया उस इलाके से बचें।”

स्थानीय काउंसलर डीन कोहेन घटनास्थल पर स्थिति का जायजा लेने के लिए पहुंचे थे। हालात का जायजा लेने के बाद उन्होंने कहा कि इस घटना से वहां के लोग बहुत परेशान हैं। उन्होंने बताया कि “सिनेगॉग के कार पार्क में हुआ हमला बहुत डरावना है और ब्रिटेन में यहूदी विरोधी घटनाओं को लेकर पहले से ही बढ़े डर के समय में हमारे समुदाय के बीच और सदमा देगा।”