सूरजपुर, 29 मार्च (आईएएनएस)। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने रविवार को ‘प्रदेश स्तरीय भक्त माता कर्मा जयंती महोत्सव 2026’ में हिस्सा लिया। उन्होंने कहा कि मां कर्मा का जीवन हमें सेवा, श्रद्धा और संस्कार सिखाता है।
सीएम साय ने मीडिया से बातचीत के दौरान कहा कि सूरजपुर में साहू समाज द्वारा ‘भक्त माता कर्मा जयंती’ उत्सव का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु एकत्रित हुए। इस कार्यक्रम की मेजबानी समाज के पदाधिकारियों ने की, जिन्होंने विभिन्न समुदायों के नेताओं को भी आमंत्रित किया था।
सीएम साय ने एक्स पोस्ट में लिखा कि आज सूरजपुर की पुण्यभूमि पर आयोजित ‘प्रदेश स्तरीय भक्त माता कर्मा जयंती महोत्सव 2026’ में सहभागी होकर मां कर्मा के चरणों में नमन करने का सौभाग्य मिला। मां कर्मा का प्रेरणादायी जीवन हमें सिखाता है कि सेवा, श्रद्धा, और संस्कार-यही समाज की असली ताकत हैं। जब हम इन मूल्यों के साथ आगे बढ़ते हैं, तो समाज में सकारात्मक परिवर्तन स्वतः दिखाई देता है। इन्हीं आदर्शों के साथ हम सब मिलकर विकसित छत्तीसगढ़ की सशक्त और समृद्ध नींव तैयार कर रहे हैं। मां कर्मा का आशीर्वाद हम सभी पर बना रहे, यही प्रार्थना है।
सीएम साय ने कहा कि पीएम मोदी ने ‘मन की बात’ कार्यक्रम में आज छत्तीसगढ़ के कोरिया जिले में जनसहभागिता से संचालित जल संरक्षण के प्रयासों की सराहना की। यह हम सभी के लिए गर्व और प्रेरणा का विषय है। किसानों द्वारा सोख्ता गड्ढों एवं रिचार्ज तालाबों के निर्माण से भूजल स्तर में आया सकारात्मक परिवर्तन इस बात का प्रमाण है कि जब शासन के प्रयासों में जनभागीदारी जुड़ती है, तो परिवर्तन स्थायी और प्रभावी होता है। हमारी सुशासन सरकार जनभागीदारी आधारित ऐसे प्रयासों को और सशक्त करते हुए निरन्तर और समावेशी विकास के संकल्प को साकार कर रही है।
सीएम ने आगे कहा कि वैश्विक अस्थिरता के बीच भारत की मजबूती प्रधानमंत्री मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व और सशक्त विदेश नीति का परिणाम है। भारत की सशक्त विदेश नीति का ही परिणाम है कि वैश्विक अस्थिरता के बावजूद देश और प्रदेश पर कोई प्रतिकूल प्रभाव नहीं पड़ा है। इसी कारण हमारा देश और प्रदेश दोनों सुरक्षित, स्थिर और निरंतर प्रगति की राह पर हैं।




