भोपाल, 23 मार्च (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने सोमवार को भोपाल स्थित अपने निवास पर थल सेना के प्रमुख जनरल उपेंद्र द्विवेदी से मुलाकात की। सीएम यादव ने इस मुलाकात को शिष्टाचार भेंट बताते हुए बताया कि इस दौरान कई अहम मुद्दों पर चर्चा हुई।
इस मुलाकात के दौरान देश के युवाओं को भारतीय सेना में शामिल होने के लिए प्रेरित करने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। साथ ही, मुख्यमंत्री ने बताया कि आगामी वर्ष 15 जनवरी को भोपाल में भव्य ‘सेना दिवस’ परेड का आयोजन किया जाएगा। इस ऐतिहासिक आयोजन में देश के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह भी विशेष रूप से शामिल होंगे।
मुख्यमंत्री मोहन यादव की मानें तो इस आयोजन का उद्देश्य न केवल सेना के प्रति सम्मान और गर्व की भावना को सुदृढ़ करना है, बल्कि युवाओं में देशसेवा के प्रति उत्साह और प्रेरणा जगाना भी है। मुख्यमंत्री ने बताया कि इस भव्य कार्यक्रम की शुरुआत 9 जनवरी से ही हो जाएगी, जिसके तहत कई आकर्षक और प्रेरणादायक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन कार्यक्रमों में ‘शौर्य संध्या’, सैन्य प्रदर्शनी और सैन्य अभ्यास जैसे प्रमुख आयोजन शामिल होंगे।
थल सेना के प्रमुख ने मुलाकात की तस्वीरें शेयर करते हुए मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, “आज भोपाल निवास पर भारतीय थल सेना के प्रमुख जनरल उपेंद्र द्विवेदी ने भेंट की। इस दौरान युवाओं को सेना में शामिल होने के लिए प्रेरित करने के विषय पर चर्चा हुई। आगामी वर्ष में 15 जनवरी को भोपाल में भव्य ‘सेना दिवस’ परेड आयोजित की जाएगी। माननीय रक्षा मंत्री श्री राजनाथ सिंह जी भी इसमें शामिल होंगे।”
मुख्यमंत्री ने पोस्ट में आगे लिखा, “यह परेड पूरे राष्ट्र की समृद्ध सैन्य विरासत और वीर सैनिकों के प्रति सम्मान की भावना को मजबूत करेगी। भोपाल में 9 जनवरी से कार्यक्रमों की शुरुआत होगी, जिसमें शौर्य संध्या, सैन्य प्रदर्शनी और सैन्य अभ्यास जैसे महत्वपूर्ण आयोजन होंगे।”

