मध्य प्रदेश के किसानों को गेहूं पर 40 रुपए मिलेगा बोनस: सीएम मोहन यादव

0
4

भोपाल, 6 मार्च (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने किसानों के लिए बड़ा ऐलान किया है। उन्होंने कहा कि राज्य के किसानों को गेहूं पर समर्थन मूल्य के अलावा 40 रुपए प्रति क्विंटल बोनस मिलेगा।

मुख्यमंत्री यादव ने शुक्रवार को भारतीय किसान संघ के प्रतिनिधियों के साथ बैठक की। मुख्यमंत्री निवास पर हुई इस बैठक में कई महत्वपूर्ण फैसले लिए गए। इसकी जानकारी देते हुए मुख्यमंत्री यादव ने बताया कि राज्य सरकार किसान कल्याण के लिए समर्पित भाव से कार्य कर रही है। भारत सरकार ने गेहूं का समर्थन मूल्य 2585 रुपए तय किया है। राज्य सरकार इस वर्ष गेहूं की खरीदी पर 40 रुपए प्रति क्विंटल बोनस प्रदान करेगी। उन्‍होंने कहा कि इस तरह किसानों से 2625 प्रति क्विंटल पर गेहूं की खरीदी की जाएगी।

राज्य में इस समय गेहूं खरीदी के लिए पंजीयन किया जा रहा है और इसकी अंतिम तारीख सात मार्च है। किसान अंतिम तारीख को बढ़ाने की मांग कर रहे हैं। इस पर मुख्यमंत्री यादव ने कहा कि गेहूं खरीदी के लिए पंजीयन की अंतिम तिथि सात मार्च से बढ़ाकर 10 मार्च की जा रही है।

सीएम मोहन यादव ने राज्य में किसानों के लिए सरकार द्वारा दी जा रही सुविधाओं की चर्चा करते हुए कहा कि उड़द खरीदी पर 600 प्रति क्विंटल के बोनस की घोषणा की गई है। किसान उड़द लगाएं, ताकि ठीक से उनको इस बोनस का लाभ मिले और अगली फसल की तैयारी भी हो जाए।

किसानों को दिन में बिजली की आपूर्ति का उल्लेख करते हुए सीएम ने कहा कि राज्य सरकार का प्रयास है कि किसानों को खेती के लिए दिन में ही बिजली मिले, ताकि रात में होने वाली परेशानियों से उन्हें बचाया जा सके।

सीएम ने यूपीएससी में प्रदेश के दो युवाओं को टॉप-10 में जगह बनाने पर बधाई दी है। उन्‍होंने कहा होली, रंग पंचमी गैर यह सब रंगों के त्योहार हैं। हमारी हजारों वर्ष पुरानी सनातन संस्कृति है, जिसमें त्यौहार हम मिलकर मनाते हैं। इन त्योहारों की सभी नागरिकों को हार्दिक बधाई।