मध्य प्रदेश के शिवपुरी में दिनदहाड़े वकील की गोली मारकर हत्या, जांच शुरू

0
5

शिवपुरी, 14 फरवरी (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले में शनिवार को दिनदहाड़े बाइक से जा रहे वकील संजय सक्सेना की गोली मारकर हत्या कर दी गई है। हत्यारे अज्ञात हैं और पुलिस आरोपियों की तलाश में जुट गई है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, यह वारदात जिले के करैरा तहसील में हुई। अधिवक्ता सक्सेना अपनी बाइक से जा रहे थे। इसी दौरान घात लगाए बदमाशों ने उन पर फायरिंग कर दी। वे गंभीर रूप से घायल हुए और सड़क पर गिर गए।

इसी दौरान वहां से निकल रहे अन्य वकील साथियों ने जब सक्सेना को घायल देखा तो उन्हें अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। बताया गया है कि सक्सेना पुराना बाजार क्षेत्र के निवासी थे और रोज की तरह बाइक से न्यायालय जा रहे थे। तभी उन पर घात लगाए बदमाशों ने हमला बोल दिया।

हमले की वजह जमीनी विवाद को माना जा रहा है। पुलिस वास्तविकता का पता कर रही है। पुलिस की ओर से दावा किया गया है कि हमलावरों को जल्दी ही पकड़ लिया जाएगा। इसके लिए पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे के फुटेज को खंगाल रही है। यह भी पता किया जा रहा है कि हमलावर पैदल आए थे या किसी वाहन से।

अधिवक्ता सक्सेना की हत्या के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोग पुलिस के साथ कानून व्यवस्था पर भी सवाल उठाने लगे, वहीं इस घटना को लेकर वकीलों में भी आक्रोश है।