महाराष्ट्र विधानसभा को बम से उड़ाने की धमकी, पुलिस-साइबर सेल जांच में जुटी

0
5

मुंबई, 12 मार्च (आईएएनएस)। महाराष्ट्र विधानसभा का बजट सत्र चल रहा है। इसी बीच गुरुवार को विधान भवन को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद हड़कंप मच गया। इसके बाद पुलिस-साइबर सेल ने बम और डॉग स्क्वॉड के साथ परिसर में तलाशी अभियान चलाया।

फिलहाल किसी भी विस्फोटक सामग्री का पता नहीं चला है, लेकिन अधिकारियों का कहना है कि पूरी तरह सुरक्षित होने तक जांच जारी रहेगी।

दरअसल, विधान भवन को बम से उड़ाने की धमकी ई-मेल के जरिए मिली। इस ई-मेल में साफ लिखा गया था कि विधान भवन में बम रखा गया है। इसके बाद सुरक्षा के मद्देनजर पूरा विधानसभा परिसर खाली करा दिया गया। पत्रकारों और कर्मचारियों को बाहर भेज दिया गया, लेकिन कुछ विधायक और जरूरी कर्मचारी अभी अंदर मौजूद हैं।

बम स्क्वॉड की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और पूरी तरह सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया गया। साथ ही डॉग स्क्वॉड भी बुलाया गया है ताकि किसी भी तरह की विस्फोटक सामग्री जल्दी से जल्दी मिल सके। अधिकारियों का कहना है कि अभी तक कोई बम या विस्फोटक नहीं मिला है, लेकिन खोज पूरी तरह संतोषजनक न होने तक जारी रहेगी।

पुलिस फिलहाल उस शख्स की पहचान करने में जुटी है जिसने यह धमकी ई-मेल पर भेजी। साइबर सेल भी इस मामले में शामिल हो गई है और ई-मेल के जरिए ट्रैकिंग की जा रही है।

यह पहला मामला नहीं है। इससे पहले मुंबई के कोर्ट और कई अन्य इलाकों में भी बम होने की धमकी मिली थी। ऐसे में सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड में हैं और हर तरह के खतरे के लिए तैयारी कर रही हैं।

अभी विधानसभा परिसर में सर्च ऑपरेशन जारी है। सुरक्षा के जवान हर एंट्री पॉइंट पर तैनात हैं। लोग अंदर नहीं जा पा रहे और बाहर से ही पूरी स्थिति पर नजर रखी जा रही है।