महिला आरक्षण विधेयक पर विपक्षी दलों को भी साथ आना चाहिए : दरख्शां अंद्राबी

0
6

जम्मू, 12 अप्रैल (आईएएनएस)। जम्मू-कश्मीर वक्फ बोर्ड की अध्यक्ष डॉ. दरख्शां अंद्राबी ने कहा कि महिला आरक्षण बिल के लिए देश को पिछले 75 सालों से इंतजार करना पड़ा है। उन्होंने संसद में 16 से 18 अप्रैल तक प्रस्तावित तीन दिवसीय विशेष सत्र पर विपक्षी दलों से अपील की कि उन्हें इस विधेयक पर सरकार का साथ देना चाहिए।

जम्मू में आईएएनएस से बातचीत में डॉ. दरख्शां अंद्राबी ने महिला आरक्षण बिल को लेकर प्रधानमंत्री मोदी की सराहना की।

उन्होंने कहा कि जब मतदान की बारी आती है तो सभी दल महिलाओं से वोट मांगते हैं, लेकिन प्रधानमंत्री मोदी ने सिर्फ वोट देने की बात नहीं की, बल्कि महिलाओं को भागीदारी देने की बात की है।

उन्होंने बताया कि पंचायत और डीडीसी चुनावों में महिलाओं की बराबर भागीदारी देखी जा चुकी है। अब संसद और विधानसभाओं में भी महिलाओं की भागीदारी सुनिश्चित होने जा रही है। हम प्रधानमंत्री मोदी को इस ऐतिहासिक कदम के लिए मुबारकबाद देते हैं। उनका विजन पूरे विश्व के लिए एक प्रेरणादायक प्रतीक है।

उन्होंने कहा कि महिलाओं को आरक्षण देने की मांग लंबे समय से चल रही थी। जब वर्ष 2014 में प्रधानमंत्री मोदी ने देश की बागडोर संभाली तब महिलाओं को लगा कि अब हम उस देश में रह रहे हैं, जहां महिलाओं के अधिकारों का पूरा ख्याल रखा जा रहा है। 16 से 18 अप्रैल को होने वाले विशेष संसदीय सत्र में विपक्षी दलों को भी सरकार के साथ सहयोग करना चाहिए। क्योंकि हम 75 साल से इस पल का इंतजार कर रहे थे। अब इंतजार की यह घड़ी खत्म हो गई है। 2029 में यह विधेयक जमीन पर उतरेगा और महिलाओं की भागीदारी बढ़ेगी। प्रधानमंत्री मोदी ने जो वादा किया था, वह अब पूरा होने जा रहा है।

भाजपा की कार्यशैली की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि भाजपा एक ऐसी पार्टी है, जो हमेशा बात सुनने को तैयार रहती है। बूथ से लेकर शीर्ष स्तर तक हर कार्यकर्ता पूरी निष्ठा से काम करता है। प्रधानमंत्री मोदी जब भी कार्यकर्ताओं से मिलते हैं, तो उन्हें उत्साहित करते हुए कहते हैं कि हमें हमेशा तैयार रहना चाहिए। तमिलनाडु से कश्मीर और गुजरात से असम तक भाजपा का हर वर्कर पूर्ण रूप से तैयार है।