महिला आरक्षण विधेयक को लेकर कांग्रेस की मंशा ठीक नहीं: संजय सरावगी

0
6

पटना, 13 अप्रैल (आईएएनएस)। बिहार भाजपा के अध्यक्ष संजय सरावगी और जेडीयू के राष्ट्रीय प्रवक्ता राजीव रंजन ने महिला आरक्षण विधेयक पर बुलाए गए विशेष सत्र को लेकर अपनी राय रखी। इसके साथ ही बिहार के नए मुख्यमंत्री की चर्चा को लेकर अपनी प्रतिक्रिया दी।

महिला आरक्षण विधेयक पर प्रधानमंत्री मोदी के पत्र पर बिहार भाजपा अध्यक्ष संजय सारावगी ने आईएएनएस से कहा, “राज्यसभा और लोकसभा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 2023 में नारी शक्ति वंदन अधिनियम पेश किया। कांग्रेस इसे 30 वर्षों तक पारित नहीं कर पाई। यह प्रधानमंत्री की दृढ़ इच्छाशक्ति है कि महिलाओं को भी कानून बनाने में समान भागीदारी मिलनी चाहिए। इसलिए, 16 से 18 तारीख तक लोकसभा और राज्यसभा का विशेष सत्र बुलाया गया है। मैं चाहता हूं कि सर्वसम्मत से यह संशोधन विधेयक पास हो। देश की 48 फीसदी महिलाओं की इच्छा है कि कानून बनाने में उनकी भागीदारी हो।”

परिसीमन को लेकर उठाए जा रहे सवाल पर कहा, “परिसीमन एक ऐसी प्रक्रिया है, जिसमें कुछ वर्षों के बाद देश की विधानसभाओं और लोकसभा क्षेत्रों की सीमाओं का पुनर्निर्धारण किया जाता है क्योंकि जनसंख्या और मतदाताओं की संख्या बढ़ती है। हालांकि, प्रधानमंत्री का यह दृढ़ निर्देश और इच्छा है कि महिलाओं को भी कानून बनाने में भाग लेने का अधिकार मिले। कांग्रेस की मंशा और दृष्टिकोण सही नहीं है।”

बिहार में नए मुख्यमंत्री को लेकर संजय सरावगी ने कहा, “भाजपा ने शिवराज सिंह चौहान को आब्जर्वर बनाया है, जो 14 अप्रैल को पटना आ रहे हैं। चौहान के निर्देश पर विधायक दल की बैठक बुलाई जाएगी। समय सीमा के भीतर नई सरकार के गठन की प्रक्रिया पूरी होने की उम्मीद है।”

जेडीयू के राष्ट्रीय प्रवक्ता राजीव रंजन ने महिला आरक्षण बिल को लेकर कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने कहा, “कांग्रेस ने 60 सालों तक शासन करने के बावजूद महिलाओं को उनका हक नहीं दिया। अब भारतीय राजनीति में एक बड़ा बदलाव होने जा रहा है तो कांग्रेस अपना पुराना राग अलापना शुरू कर दिया है। महिलाओं की हितों की रक्षा को लेकर कांग्रेस का ट्रैक रिकॉर्ड बहुत खराब रहा है। जेडीयू ने अपने सांसदों को 16 से 18 तारीख तक संसद में उपस्थित रहने का व्हिप जारी किया है।”

बिहार के नए मुख्यमंत्री को लेकर राजीव रंजन ने कहा, “नीतीश कुमार के राज्यसभा में जाने के बाद नई सरकार बनाने की प्रक्रिया जारी है। यह प्रक्रिया जल्द ही पूरी हो जाएगी।”