नई दिल्ली, 11 मार्च (आईएएनएस)। समाजवादी पार्टी (सपा) के सांसद रामगोपाल यादव ने महंगाई और ईंधन संकट को लेकर केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि महंगाई चरम सीमा पर है और सरकार इसे रोकने के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठा रही है।
सपा सांसद रामगोपाल यादव ने पत्रकारों से कहा कि मैंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से अपील की कि युद्ध को जल्द बंद कराया जाए क्योंकि इसके चलते पूरी दुनिया प्रभावित हो रही है। स्थिति बहुत खराब है और लोगों को अब सरकार की किसी बात का भरोसा नहीं है। इसका नुकसान भारत को भी उठाना पड़ रहा है।
रामगोपाल यादव ने पश्चिम एशिया में चल रहे संघर्ष के बीच एलपीजी और पेट्रोल की सप्लाई में रुकावट पर कहा कि सरकार कभी सच नहीं बोलती। उन्होंने कहा कि जब हालात गंभीर नहीं हैं तो अचानक एलपीजी के दाम क्यों बढ़ाए जा रहे हैं। उन्होंने बैंगलोर का जिक्र करते हुए कहा कि होटल मालिकों ने अचानक दाम बढ़ने के बाद अपने होटल बंद करने की चेतावनी दी। लोगों का सरकार पर भरोसा अब पूरी तरह टूट चुका है।
उन्होंने कहा कि इस युद्ध से भारत के नागरिकों को परेशानी हो रही है लेकिन सरकार इन बातों पर ध्यान नहीं दे रही है। इसके बजाय गैस का दाम बढ़ाकर जनता की जेब पर बोझ डाल रही है। जनता गैस के लिए लाइन में खड़ी हो रही है लेकिन फिर भी गैस नहीं मिल रही है।
इसी मुद्दे पर कांग्रेस के सांसद मनीष तिवारी ने कहा कि होर्मुज़ जलडमरू मध्य में रुकावट के कारण वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति पर दबाव बढ़ गया है। मंगलवार तक केवल एक जहाज इस मार्ग से गुजरा जबकि यह वेस्ट एशिया से पूर्वी एशिया तक ऊर्जा आपूर्ति का लगभग 40 प्रतिशत आपूर्ति संभालता है। इसका सीधा असर भारत पर भी पड़ रहा है।
सरकार ने इस स्थिति में एसेंशियल सर्विसेज मेंटेनेंस एक्ट लागू किया है ताकि जरूरी सेवाओं की आपूर्ति बनी रहे। वहीं, एयरलाइंस ने ईंधन लागत बढ़ने के कारण सरचार्ज लगाना शुरू कर दिया है। वर्तमान स्थिति में जनता की समस्या का कोई समाधान नहीं किया जा रहा है।

