मल्लिकार्जुन खड़गे के बाद अब कन्हैया कुमार ने गुजरातियों के लिए कह दी ये बात

0
7

नई दिल्ली, 10 अप्रैल (आईएएनएस)। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के गुजरातियों की शिक्षा को लेकर दिए बयान पर विवाद अभी शांत भी नहीं हुआ था कि पार्टी के एक अन्य नेता कन्हैया कुमार ने गुजरातियों के लिए घुसपैठिया जैसे शब्द का इस्तेमाल कर मामले को तूल दे दे दिया है। उन्होंने चुनाव वाले राज्यों से गुजरातियों को बाहर करने की बात कही।

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर एक जाने-माने हैंडल ‘पॉलिटिकल किडा’ द्वारा साझा किया गया 14-सेकंड का वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें बताया जा रहा है कि असम के बोंगाईगांव से कांग्रेस नेता कन्हैया कुमार ने यह बयान दिया है। वीडियो में कांग्रेस नेता को असम चुनावों से पहले आयोजित एक रैली के दौरान गुजरातियों का अपमान करते हुए दिखाया गया है।

वीडिया में देखा जा सकता है कि कन्हैया कुमार एक सभा को संबोधित करते हुए कह रहे हैं, “अगर असम में सिर्फ सरकार बदलना होता तो हम इतनी मेहनत से नहीं लड़ रहे होते। ये चुनाव सरकार नहीं, अहोम संस्कृति बदलने का चुनाव है। यह बात सबको याद रखनी चाहिए। जब पत्रकारों ने मुझसे विधानसभा चुनावों में घुसपैठियों के मुद्दे पर पूछा तो मैंने कहा, ‘सबसे बड़ा घुसपैठिया गुजरात से आया है। जनता को उसे हिमंता बिस्वा सरमा के साथ राज्य से निकाल देना चाहिए।’

उन्होंने कहा कि इस समय यहां पर हर जगह चोरी हो रही है। अपराध के ग्राफ में बढ़ोतरी हो रही है, जिसे रोकना बहुत जरूरी हो गया है। असम के मुख्यमंत्री का नाम लिए बिना उन्होंने कहा कि यहां के लोग यहां का पैसा लेकर विदेश में अपने परिवार के नाम पर रख रहे हैं और जनता को परेशानी हो रही है। अब भाजपा लोगों को मुद्दे से भटकाने का काम न करे।

हालांकि कन्हैया ने किसी का नाम नहीं लिया, लेकिन उनकी टिप्पणियां गुजरात के भाजपा नेताओं को निशाना बनाकर की गई थीं।

वीडियो पर प्रतिक्रिया देते हुए कुछ सोशल मीडिया यूजर्स ने कहा कि कांग्रेस पार्टी खुद को नुकसान पहुंचाने में माहिर है। एक यूजर ने कहा कि असली घुसपैठियों को बेनकाब करने के बजाय वे अपने ही नागरिकों को घुसपैठिया बता रहे हैं। दूसरे ने कहा कि इस तरह पार्टी को किसी दुश्मन की जरूरत नहीं पड़ेगी।

गौरतलब है कि असम में एक हाई-वोल्टेज चुनावी अभियान के केंद्र में अवैध बांग्लादेशी प्रवासियों का मुद्दा बना रहा, जिसमें मुख्यमंत्री के साथ-साथ भाजपा ने भी इस बात को दोहराया कि अवैध घुसपैठिए राज्य की जनसांख्यिकी के लिए खतरा हैं।हाल ही में मल्लिकार्जुन खड़गे के बयान ने भाजपा हलकों में भारी आक्रोश पैदा कर दिया। कई लोगों ने न केवल बयान वापस लेने की मांग की, बल्कि कांग्रेस के वरिष्ठ नेता से माफी मांगने की भी मांग की। इसके बाद में खड़गे ने माफी मांग ली। विधानसभा चुनावों में अपने बयान के संभावित नकारात्मक प्रभाव को देखते हुए खड़गे ने कहा कि उनके शब्दों की जानबूझकर गलत व्याख्या की गई थी।