कोलकाता, 11 मार्च (आईएएनएस)। बिहार के उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा ने पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि ममता बनर्जी इस समय घबराहट और बेचैनी में हैं क्योंकि उन्हें सत्ता जाने का डर सता रहा है।
विजय कुमार सिन्हा ने कहा, “पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी घबराहट में हैं और परेशान हैं। उन्हें सत्ता जाने का भय बेचैन कर रहा है। घबराहट में वे कुछ भी बोल सकती हैं, लेकिन सच्चाई यह है कि बंगाल की जनता उनसे मुक्ति चाहती है। बंगाल को बांग्लादेश नहीं बनने देंगे और बंगाल के लोगों ने यह संकल्प मन में ले लिया है।”
उन्होंने कहा कि संवैधानिक संस्थाओं का अपमान करना यह दिखाता है कि ममता बनर्जी दबाव और घबराहट में हैं। राष्ट्रपति का अपमान करना, राज्यपाल का अपमान करना और फिर शिकायत करना, चुनाव आयोग को काले झंडे दिखाकर संवैधानिक संस्था का अपमान करना यह सब दर्शाता है कि ममता बनर्जी घबराहट में हैं।
बिहर के डिप्टी सीएम ने दावा किया कि पश्चिम बंगाल की जनता अब बदलाव चाहती है और ममता सरकार से मुक्ति पाने का मन बना चुकी है। उन्होंने कहा कि बंगाल को कभी बांग्लादेश नहीं बनने दिया जाएगा। बंगाल के लोग यह संकल्प ले चुके हैं कि भारत की भूमि पर किसी भी बांग्लादेशी घुसपैठिए को स्वीकार नहीं किया जाएगा।
बिहार के डिप्टी सीएम ने एसआईआर के मुद्दे पर भी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि बिहार में भी जब एसआईआर का मामला सामने आया था, तब कांग्रेस और राजद के नेताओं ने काफी हंगामा किया था। बिहार में भी कांग्रेस और राजद के लोगों ने हाय-तौबा मचाई लेकिन बिहार की जनता ने हंगामा करने वालों और संवैधानिक संस्थाओं का अपमान करने वालों को पूरी तरह से नकार दिया। पश्चिम बंगाल में भी यही स्थिति होगी। जो लोग संविधान और संवैधानिक संस्थाओं का अपमान करेंगे, जनता उन्हें सजा देगी।
बता दें कि मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने राज्यपाल को अचानक बदले जाने पर सवाल उठाते हुए कहा था कि कुछ न कुछ गड़बड़ है, इसलिए रातोंरात राज्यपाल को बदल दिया गया।

