पटना, 5 फरवरी (आईएएनएस)। उत्तर भारत के लोगों को लेकर तमिलनाडु सरकार में मंत्री एमआरके पन्नीरसेल्वम के विवादित बयान पर जदयू-भाजपा नेताओं ने पलटवार किया है।
पटना में जदयू नेता नीरज कुमार ने आईएएनएस से बातचीत करते हुए कहा कि तमिलनाडु सरकार में मंत्री एमआरके पन्नीरसेल्वम को गंगा वाटर इंजेक्शन की जरूरत है, जिससे उनकी बुद्धि ठीक हो जाए। अच्छा होगा कि उन्हें गंगा का वाटर इंजेक्शन दिया जाए। यह चुनावी साल है, तमिलनाडु में विधानसभा चुनाव होने हैं। जनता की अदालत में कुछ कहने को नहीं बचा है, तो वे उत्तर भारतीयों का अपमान कर रहे हैं। मैं बिहार से उन्हें बताना चाहता हूं कि उनके दिमाग को ठीक करने के लिए वाटर इंजेक्शन फ्री में मुहैया कराऊंगा। मेडिकल काउंसिल ऑफ इंडिया को भी प्रस्ताव भेजेंगे कि ऐसे लोगों की जांच जरूरी है।
जदयू नेता खालिद अनवर ने कहा कि साउथ के कुछ लोग नॉर्थ को टारगेट करते रहे हैं। वहां की राजनीति में अपना सिर ऊंचा करने के लिए ऐसा कर रहे हैं। अगर बिहार के लोग नहीं जाएंगे तो वहां दाल-रोटी चलाना भी मुश्किल हो जाएगा। देश को कमजोर नहीं किया जाना चाहिए।
बिहार सरकार में मंत्री लखेंद्र पासवान ने कहा कि जो लोग बिहार की संस्कृति, इतिहास और समाज को नहीं समझते, वे ऐसे बयान देते हैं।
भाजपा नेता संजय मयूख ने कहा कि तमिलनाडु के एक मंत्री ने बिहार के लोगों के खिलाफ जिस तरह की भाषा का इस्तेमाल किया है, वह न सिर्फ आपत्तिजनक है, बल्कि पूरे राज्य और उसके नागरिकों का भी अपमान है।
केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा के ‘अबोध बालक’ वाले बयान पर संजय मयूख ने कहा कि राहुल गांधी जिस तरह का व्यवहार करते हैं, उस पर नड्डा ने ठीक ही कहा है कि वे अबोध बालक हैं। आप स्थिर बैठते नहीं हैं। आप ऐसी बातों पर घेरने की कोशिश करते हैं, जिनका कोई मतलब नहीं होता। वे विदेशों में जाकर बोलते हैं। वे संसदीय मामलों में पूरी तरह नासमझ हैं।
उन्होंने कहा कि एसआईआर को लेकर सीएम ममता बनर्जी घुसपैठियों की वकालत करने में अव्वल हैं। घुसपैठियों को भारत में नहीं रहने दिया जाएगा। वोटर लिस्ट में सिर्फ भारतीय नागरिक ही रहेंगे।
पटना नीट मामले में पूर्व सीएम राबड़ी देवी के बयान पर भाजपा नेता संजय मयूख ने कहा कि बिहार की जनता को नीतीश कुमार के नेतृत्व पर पूरा भरोसा है। बिहार में सुशासन का राज है। राबड़ी देवी जो सवाल उठा रही हैं, उन्हें पता होना चाहिए कि इस मामले में बड़ी से बड़ी एजेंसियां जांच कर रही हैं और दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा।

