मथुरा नाव हादसा: प्रशासन ने जारी किए हेल्पलाइन नंबर, रेस्क्यू अभियान तेज

0
5

मथुरा, 10 अप्रैल (आईएएनएस)। यूपी के मथुरा जिले में शुक्रवार को उस वक्त बड़ा हादसा हो गया, जब यमुना नदी में एक नाव पलट गई। इस दर्दनाक घटना में 10 लोगों की मौत हो गई है, जबकि कई लोग अब भी लापता बताए जा रहे हैं। प्रशासन की ओर से युद्धस्तर पर बचाव अभियान चलाया जा रहा है। इसी बीच, हादसे के मद्देनजर जिला प्रशासन की ओर से हेल्पलाइन नंबर जारी किए गए हैं, ताकि प्रभावित परिवारों और आम लोगों को मदद मिल सके।

वृंदावन स्थित केशी घाट के निकट यमुना नदी में हुई दुर्घटना के संबंध में जिला प्रशासन हेल्पलाइन नंबर 0565-2403200 जारी किया गया है। इसके साथ ही, किसी भी समस्या या जानकारी के लिए जिलाधिकारी के मोबाइल नंबर 9454417512, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व डॉ. पंकज कुमार वर्मा के मोबाइल नंबर 9012881919/ 9454417583 और एसपी ग्रामीण सुरेश चंद्र रावत के मोबाइल नंबर 9454401103 पर संपर्क किया जा सकता है।

हादसे पर दुख जताते हुए उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने एक्स पोस्ट में लिखा, “मथुरा में यमुना नदी में श्रद्धालुओं से भरी नाव के पलटने से कई लोगों के हताहत होने का अत्यंत दु:खद समाचार प्राप्त हुआ। ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगतों की आत्मा को शांति प्रदान करें एवं शोक संतप्त परिजनों को इस असहनीय दु:ख को सहने की शक्ति दें। इस कठिन घड़ी में मेरी गहरी संवेदनाएं सभी प्रभावित परिवारों के साथ हैं।”

बता दें कि यह घटना शुक्रवार दोपहर को मथुरा के प्रसिद्ध केसी घाट के पास यमुना नदी में घटी, जब श्रद्धालुओं को ले जा रही एक नाव पलट गई। जिला मजिस्ट्रेट सीपी सिंह के अनुसार, यह हादसा दोपहर करीब 2:45 बजे हुआ जब लुधियाना के लगभग 30 लोग दो नावों में सैर कर रहे थे। बताया जाता है कि एक नाव पीपा पुल से टकराने के बाद डूब गई।

अधिकारियों ने बताया कि अब तक कई लोगों को सुरक्षित बचाया जा चुका है, जबकि तलाशी अभियान जारी है। उन्होंने आगे कहा कि घटनास्थल पर पुलिस, जिला प्रशासन और गोताखोरों की कई टीमें तैनात की गई हैं। एक दर्जन से अधिक लोगों के लापता होने की आशंका है और उन्हें खोजने के लिए युद्धस्तर पर प्रयास जारी हैं। अधिकारी स्थिति पर कड़ी नजर रख रहे हैं और बचे हुए लोगों के लिए राहत और चिकित्सा सहायता को प्राथमिकता दे रहे हैं।