कोलकाता, 6 मार्च (आईएएनएस)। मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव का असर अंतरराष्ट्रीय उड़ानों पर भी साफ दिखाई देने लगा है। इसके चलते शुक्रवार को भी कोलकाता के नेताजी सुभाष चंद्र बोस अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से कई अंतरराष्ट्रीय उड़ानें रद्द कर दी गईं।
एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया (एएआई) ने इसकी आधिकारिक जानकारी जारी करते हुए बताया कि ईरान-इजरायल-अमेरिका के बीच चल रहे तनाव के कारण 6 मार्च 2026 रात 8 बजे से 7 मार्च 2026 सुबह 8 बजे के बीच कई फ्लाइट्स को कैंसिल करना पड़ा। सुरक्षा और ऑपरेशनल कारणों को देखते हुए एयरलाइंस कंपनियों ने यह फैसला लिया है ताकि यात्रियों और विमानन संचालन पर किसी तरह का जोखिम न रहे।
जानकारी के मुताबिक, कोलकाता एयरपोर्ट से मिडिल ईस्ट के अलग-अलग शहरों के लिए जाने वाली कई प्रमुख एयरलाइंस की उड़ानें प्रभावित हुई हैं। एयर अरेबिया की फ्लाइट 3एल-0167 जो कोलकाता से अबू धाबी के जायद इंटरनेशनल एयरपोर्ट के लिए उड़ान भरने वाली थी, उसे रद्द कर दिया गया। इसी तरह एतिहाद एयरलाइंस की फ्लाइट ईवाई-0220 जो अबू धाबी से कोलकाता आने वाली थी और फ्लाइट ईवाई-0221 जो कोलकाता से अबू धाबी जाने वाली थी, दोनों को भी कैंसिल कर दिया गया है।
इसके अलावा, कतर एयरवेज की फ्लाइट क्यूआर-0540 जो दोहा से कोलकाता आने वाली थी और फ्लाइट क्यूआर-0541 जो कोलकाता से दोहा के हमाद इंटरनेशनल एयरपोर्ट जाने वाली थी, उन्हें भी रद्द कर दिया गया है। दुबई के लिए उड़ान भरने वाली एमिरेट्स की फ्लाइट ईके-0571 और दुबई से कोलकाता आने वाली फ्लाइट ईके-0570 भी इस सूची में शामिल हैं। इस तरह, कुल मिलाकर सात उड़ानों को कैंसिल किया गया है।
एयरपोर्ट अथॉरिटी ने यात्रियों से अपील की है कि अगर उनकी उड़ान मिडिल ईस्ट के किसी शहर के लिए निर्धारित थी तो वे एयरलाइन से संपर्क करके अपनी फ्लाइट की स्थिति की जानकारी जरूर ले लें। साथ ही एयरपोर्ट आने से पहले फ्लाइट स्टेटस चेक करने की भी सलाह दी गई है, ताकि उन्हें किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।

