मुंबई, 17 फरवरी (आईएएनएस)। अभिनेत्री मृणाल ठाकुर ने आज के दौर में प्यार को लेकर एक गहरी बात कही है। अपनी अपकमिंग फिल्म ‘दो दीवाने शहर में’ के प्रमोशन के दौरान उन्होंने कहा कि आज प्यार के लिए सबसे बड़ी चुनौती संवाद (कम्युनिकेशन) की कमी है।
उनका मानना है कि इंटरनेट और सोशल मीडिया के जमाने में इतने सारे ऑप्शन और तरीके होने के बावजूद रिश्ते कमजोर पड़ रहे हैं। मृणाल ने समाचार एजेंसी आईएएनएस से बातचीत में बताया, “आजकल प्यार में सबसे बड़ी समस्या कम्युनिकेशन है। बहुत सारे तरीके होने के कारण थकान हो जाती है। लोग बात करने की बजाय मैसेज या चैट पर निर्भर हो गए हैं, जिससे रिश्तों में गहराई कम हो गई है।”
उन्होंने कहा कि एक अभिनेत्री के तौर पर उन्हें कई बार ऐसे किरदार निभाने पड़ते हैं, जो मानसिक रूप से नकारात्मक या मुश्किल होते हैं। ऐसे में वह कोशिश करती हैं कि अपने रोल या काम के प्रभाव को घर तक न ले जाएं, ताकि परिवार और पार्टनर के साथ उनका व्यवहार प्रभावित न हो।
मृणाल ने पुराने दौर की रोमांटिक कहानियों का जिक्र करते हुए कहा कि पहले प्यार में सादगी और इंतजार की खूबसूरती थी। उन्होंने अभिमन्यु दासानी की मां और अभिनेत्री भाग्यश्री के साथ बिताए समय का जिक्र किया। भाग्यश्री ने उन्हें अपनी लव स्टोरी सुनाई, जिसमें एक-दूसरे से मिलने या बात करने के लिए कितना इंतजार करना पड़ता था। उस समय पीसीओ पर फोन कॉल का इंतजार होता था, हफ्ते में एक कॉल की अहमियत होती थी। आज इतने सारे तरीके हैं कॉल, मैसेज, वीडियो कॉल हैं लेकिन फिर भी रिश्ते कमजोर और बिखरे हुए लगते हैं। पुराना सादा प्यार कहीं ज्यादा मजबूत और खूबसूरत था।
‘दो दीवाने शहर में’ फिल्म में मृणाल ठाकुर के साथ सिद्धांत चतुर्वेदी, संदीपा धर और आयशा रजा मुख्य भूमिकाओं में हैं। यह रोमांटिक ड्रामा जी स्टूडियोज, भंसाली प्रोडक्शंस और रवि उदयवार फिल्म्स के बैनर तले बनी है।
फिल्म के निर्देशक और निर्माताओं में संजय लीला भंसाली, प्रेरणा सिंह, उमेश कुमार बंसल और भारत कुमार रंगा शामिल हैं। यह फिल्म 20 फरवरी को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।

