मुझे अपने कप्तान और टीम पर पूरा भरोसा: संजीव गोयनका

0
9

लखनऊ, 2 अप्रैल (आईएएनएस)। इंडियन प्रीमियर लीग 2026 में बुधवार को लखनऊ सुपर जायंट्स (एलएसजी) ने अपने घरेलू मैदान इकाना स्टेडियम में दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ सीजन का पहला मुकाबला खेला। एलएसजी का प्रदर्शन निराशाजनक रहा और दिल्ली कैपिटल्स ने मैच 6 विकेट से जीत लिया। सीजन के पहले मैच में मिली हार के बाद एलएसजी के मालिक संजीव गोयनका ने सोशल मीडिया पर कहा है कि उन्हें अपनी टीम और कप्तान पर पूरा भरोसा है।

संजीव गोयनका ने एक्स पर लिखा, “यह एक लंबा सीजन है, और ऐसे पल कुछ मतलब का बनाने का हिस्सा होते हैं। मुझे अपने कप्तान और टीम पर पूरा भरोसा है कि वे मजबूती से जवाब देंगे। हमारे फैन्स, इकाना में आपके समर्थन के लिए धन्यवाद। हम और मजबूती से वापस आएंगे। इस सीजन में एलएसजी की कहानी अभी लिखी नहीं गई है।”

आईपीएल 2025 में सातवें स्थान पर रही एलएसजी से मौजूदा सीजन के पहले मैच में दमदार प्रदर्शन की उम्मीद थी, लेकिन टीम ने बल्लेबाजी और गेंदबाजी में निराश किया।

मैच पर नजर डालें तो दिल्ली ने टॉस जीतकर गेंदबाजी का फैसला किया था। पहले बल्लेबाजी करने उतरी एलएसजी 18.4 ओवर में 141 रन पर सिमट गई। ओपनर मिशेल मार्श ने 35 और अब्दुल समद ने 36 रन बनाए। इन दोनों के अलावा कोई भी बल्लेबाज क्रीज पर नहीं टिक सका।

दिल्ली कैपिटल्स के लिए टी नटराजन ने 4 ओवर में 29 रन देकर 3 और लुंगी एंगिडी ने 3.4 ओवर में 27 रन देकर 3 विकेट लिए। कुलदीप यादव को 2 और कप्तान अक्षर पटेल को 1 विकेट मिला।

142 रन का पीछा करने उतरी दिल्ली कैपिटल्स ने पहली ही गेंद पर केएल राहुल का विकेट खो दिया। इसके बाद लगातार विकेट गिरे और दिल्ली ने अपने 4 विकेट 26 रन पर गंवा दिए। यहां लखनऊ के लिए मौका था मैच अपने पक्ष में कर लेने का लेकिन चौथे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए उतरे समीर रेड्डी और ट्रिस्टन स्टब्स ने एलएसजी को कोई मौका नहीं दिया। दोनों ने 119 रन की नाबाद साझेदारी करते हुए दिल्ली को 6 विकेट से जीत दिला दी।

समीर रिजवी 47 गेंदों पर 4 छक्कों और 5 चौकों की मदद से 70 और स्टब्स 32 गेंदों पर 39 रन बनाकर नाबाद रहे। समीर रिजवी प्लेयर ऑफ द मैच रहे।

–आईएएनएस

पीएके