नारी शक्ति वंदन अधिनियम का महिला वकीलों ने स्वागत किया, बोलीं-आने वाली पीढ़ी को फायदा होगा

0
2

चंडीगढ़, 10 अप्रैल (आईएएनएस)। नारी शक्ति वंदन अधिनियम पर पंजाब-हरियाणा हाईकोर्ट की महिला वकीलों की प्रतिक्रियाएं सामने आई हैं। वकील मीनाक्षी चौधरी ने आईएएनएस से बात करते हुए कहा कि बीते तीन दशकों के महिलाएं इसका इंतजार कर रही हैं। इसका इंतजार करते-करते हमारी उम्र निकल जाएगी, लेकिन आने वाली पीढ़ी को इसका फायदा होता है तो स्वागत योग्य है।

पीएम मोदी की ओर से महिलाओं को लिखे पत्र को लेकर मीनाक्षी चौधरी ने कहा कि महिलाएं हर क्षेत्र में आगे हैं। राजनीति में महिलाओं को अवसर नहीं मिल पाता। नेता अपने परिवार की महिलाओं को आगे बढ़ाते हैं। आम महिलाओं को किसी भी राजनीतिक पार्टी की ओर से आगे नहीं बढ़ाया जाता।

वकील किरनदीप कौर ने आईएएनएस से बातचीत में कहा कि महिलाओं के लिए आरक्षण महत्वपूर्ण है। ऐसा नहीं है कि पुरुषों की तुलना में महिलाओं को मौके नहीं मिलते, लेकिन कई जगह हम खुद पीछे रह जाते हैं। हमको ऐसा लगता कि हम ये नहीं कर सकते बल्कि पुरुष हमसे बेहतर कर सकते हैं। हमारे पास संभावनाएं हैं। ऐसे में अगर महिलाओं को आरक्षण मिलता है तो आगे आने के लिए पुश मिलेगा। आरक्षण मिलने से महिलाएं आगे आएंगी।

वकील रिंकी के. सिंघानिया ने आईएएनएस से कहा कि महिलाओं को आरक्षण देने का सरकार का बहुत अच्छा पहल है। उन्होंने कहा कि कई जगहों पर नाम महिलाओं का होता है, लेकिन काम कोई और कर रहा होता है। इसको भी बदलने की जरूरत है। अगर आरक्षण महिलाओं को मिल रहा है तो काम भी वही करें। जो महिलाएं संसद पहुंचे वहीं लीड करें। जब महिलाओं को मौका मिला तो उन्होंने हर जगह खुद को साबित किया है।