नेपाल चुनाव 2026: वोटिंग संपन्न, 165 सीटों के एफपीटीपी परिणाम 24 घंटे में आने की संभावना

0
7

काठमांडू, 5 मार्च (आईएएनएस)। नेपाल की प्रतिनिधि सभा के चुनाव संपन्न हो गए हैं। मतगणना गुरुवार देर रात से ही शुरू हो जाएगी। चुनाव आयोग ने मतगणना शुरू होने के 24 घंटे के भीतर सीधे 165 सीटों (एफपीटीपी) के परिणाम जारी करने का दावा किया है। उन्होंने इसके साथ ही ये भी कहा कि पहाड़ी क्षेत्रों से मतपेटियों को इकट्ठा करके मतगणना केंद्रों तक लाने में कम से कम एक दिन लग जाता है इसलिए बाकी के परिणाम बाद में घोषित किए जाएंगे।

प्रमुख मीडिया हाउस द काठमांडू पोस्ट के मुताबिक कार्यवाहक मुख्य निर्वाचन आयुक्त राम प्रसाद भंडारी ने उम्मीद जताई कि इस बार मतदान का प्रतिशत 65 फीसदी से अधिक रहने की संभावना है।

नेपाल में गुरुवार को प्रतिनिधि सभा के लिए गुरुवार को सुबह सात बजे से 77 जिलों में 23 हजार केंद्रों पर मतदान शुरू हुआ, जो शाम 5 बजे तक चला। यह पिछले साल सितंबर में जेन-जी विद्रोह के बाद पहला आम चुनाव है।

निर्वाचन आयोग के अनुसार, इस चुनाव में 18,903,689 पंजीकृत मतदाता हैं, जिनमें 9,663,358 पुरुष, 9,240, 131 महिलाएं और 200 अन्य शामिल हैं।

मतदाता निचले सदन के 275 सदस्यों का चुनाव करेंगे। कुल सीटों में से 165 सांसद ‘फर्स्ट-पास्ट-द-पोस्ट’ (एफपीटीपी) प्रणाली के तहत चुने जाएंगे, जबकि शेष 110 सीटें आनुपातिक प्रतिनिधित्व प्रणाली से भरी जाएंगी।

8-9 सितंबर 2025 को हुए जेन जी आंदोलन में 77 लोगों की मौत हो गई थी। इसके बाद तत्कालीन प्रधानमंत्री केपी ओली ने इस्तीफा दे दिया था। आंदोलन के दौरान निजी और सार्वजनिक संपत्ति को 84 अरब नेपाली रुपए से अधिक का नुकसान हुआ।

विरोध प्रदर्शनों के तुरंत बाद देश की राजनीतिक दिशा पर अनिश्चितता का साया मंडरा रहा था। हालांकि, प्रधानमंत्री सुशीला कार्की के नेतृत्व वाली अंतरिम सरकार ने राजनीतिक स्थिरता बहाल करने के लिए कदम उठाया और नए चुनावों की घोषणा की।

अधिकतर उम्मीदवार 41 साल से ऊपर की उम्र के हैं। जबकि 1,925 उम्मीदवार 41 से 60 साल के और 425 वरिष्ठ नागरिक हैं। 201 उम्मीदवार 30 साल या उससे कम उम्र के हैं।

2022 के चुनाव में 61.63 प्रतिशत वोटिंग हुई थी। उससे पहले, 2017 में मतदान का प्रतिशत 68.67 प्रतिशत तक पहुंचा था। सबसे ज्यादा वोटिंग 2013 में हुई थी; उस दौरान 78.34 प्रतिशत मत पड़े थे।