नितिन नवीन ने राज्यसभा चुनाव में जीत पर जताई खुशी, बोले- बिहार के लोग एनडीए के नेतृत्व में आगे बढ़ने को तैयार

0
8

पटना, 16 मार्च (आईएएनएस)। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने राज्यसभा चुनाव में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) के शानदार प्रदर्शन पर प्रसन्नता जताते हुए इस जीत के लिए एनडीए के सभी कार्यकर्ताओं को बधाई दी है। उन्होंने एनडीए के विजयी उम्मीदवारों को बधाई देते हुए कहा कि बिहार के लोग एनडीए के नेतृत्व में आगे बढ़ने को तैयार हैं।

उन्होंने भरोसा जताते हुए कहा कि अब बिहार और प्रदेश के विकास के लिए उच्च सदन में आवाज गूंजेगी। उन्होंने यह भी आश्वस्त किया कि बिहार के लोगों को केंद्र से जो उम्मीद है, वह पूरा करने का प्रयास किया जाएगा।

नितिन नवीन ने कहा कि एनडीए पूरी मजबूती से यहां के लोगों के साथ है। अब तक मैं विधानसभा में अपनी बात रखता था, अब यहां की समस्याओं को उच्च सदन में रखूंगा। उन्होंने कहा कि यह जीत न केवल हमारी एकजुटता का परिणाम है, बल्कि यह पांच राज्यों में होने वाले चुनाव के पहले की एनडीए की जीत की आहट है।

उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और पार्टी के वरिष्ठ नेतृत्वकर्ता का आभार जताते हुए कहा कि उन्होंने मुझे संसद में सदस्य के रूप में कार्य करने का मौका दिया। उन्होंने साफ तौर पर कहा कि हम लोग इस जीत को लेकर आश्वस्त थे। हम लोगों को पूरा विश्वास था कि एनडीए जीतेगा। इस चुनाव के नतीजों से पूरे बिहार में बड़ा संदेश गया है और यह एनडीए की प्रचंड जीत है।

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि एनडीए के पांचों उम्मीदवारों की शानदार जीत हुई है। उन्होंने दावे के साथ कहा कि राज्यसभा चुनाव में सभी प्रत्याशियों की जीत बिहार के लिए न केवल लाभप्रद है, बल्कि उच्च सदन में एनडीए की ताकत को भी बढ़ाएगा।

एनडीए की जीत के बाद राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन प्रदेश कार्यालय पहुंचे, जहां उनका प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने उनका स्वागत किया। राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने प्रदेश कार्यालय पहुंचकर वहां श्यामा प्रसाद मुखर्जी, दीनदयाल उपाध्याय और कैलाशपति मिश्र की प्रतिमा पर पुष्पांजलि कर उनका नमन किया।